अब स्वच्छता मिशन से जुड़ेंगे ग्रामीण युवा, पंचायतों को मिलेंगे आय के नए स्त्रोत

ग्रे-वाटर के पुनः उपयोग और तालाबों में मछली पालन को बढ़ावा देने के निर्देश

अब स्वच्छता मिशन से जुड़ेंगे ग्रामीण युवा, पंचायतों को मिलेंगे आय के नए स्त्रोत

रोहतक, गिरीश सैनी। स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के तहत गांवों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के लिए युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। राज्य स्तरीय टास्क फोर्स, स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण, हरियाणा के वाइस चेयरमैन रविन्द्र जागलान ने ग्राम पंचायतों को युवाओं के समूह चिह्नित कर उन्हें स्वच्छता गतिविधियों से जोड़ने के निर्देश दिए।

जिला विकास भवन में आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने सभी पंचायतों में ठोस कचरा प्रबंधन की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने ग्रे-वाटर प्रबंधन के तहत विकसित तालाबों के पानी के पुनः उपयोग और उनमें मछली पालन शुरू करवाने के निर्देश दिए, ताकि पंचायतों की आय भी बढ़ाई जा सके।

उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को मेडिकल वेस्ट का उचित निस्तारण और रिकॉर्ड अपडेट रखने, जबकि कृषि विभाग को जैविक खेती के प्रति किसानों को प्रोत्साहित करने को कहा। महिला एवं बाल विकास विभाग को बीडीपीओ के समन्वय से सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में शौचालयों की उपलब्धता और नियमित रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में डीडीपीओ राजपाल चहल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।