अग्निवीर व पुलिस भर्ती के लिए तैयार किया जाएगा ग्रामीण युवाओं कोः उपायुक्त सचिन गुप्ता
भर्ती को लेकर विशेष अभियान चलाएगा जिला प्रशासन।
रोहतक, गिरीश सैनी। ग्रामीण युवाओं को अग्निवीर भर्ती योजना तथा हरियाणा पुलिस भर्ती के लिए बेहतर तरीके से तैयार करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा एक विशेष अभियान चलाया जाएगा, जिसके तहत युवाओं को शारीरिक प्रशिक्षण, लिखित परीक्षा की तैयारी तथा मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक युवा भर्ती प्रक्रियाओं में सफल हो सकें।
इस अभियान के प्रभावी संचालन के लिए जिला स्तर से लेकर गांव स्तर तक समितियों का गठन किया जाएगा। जिला स्तर पर उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक तथा संबंधित विभागों के अधिकारी अभियान के क्रियान्वयन की समीक्षा करेंगे, वहीं अतिरिक्त उपायुक्त और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को नोडल अधिकारी बनाया जाएगा, जो विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर प्रगति की निगरानी करेंगे। उपमंडल स्तर पर एसडीएम व डीएसपी के नेतृत्व में तथा गांव स्तर पर सरपंच, पीटीआई, स्कूल प्राचार्य, पूर्व सैनिक और युवा स्वयंसेवकों की भागीदारी से गतिविधियां संचालित की जाएंगी।
पुलिस विभाग द्वारा थाना स्तर पर नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की जाएगी तथा युवाओं को भर्ती मानकों के बारे में जागरूक करने के लिए बैठकें और मार्गदर्शन सत्र आयोजित किए जाएंगे। जिला खेल अधिकारी द्वारा प्रशिक्षण केंद्रों और खेल मैदानों की पहचान कर प्रशिक्षकों की व्यवस्था की जाएगी तथा शारीरिक प्रशिक्षण का मानक कार्यक्रम तैयार किया जाएगा।
जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा ऐसे स्कूलों की पहचान की जाएगी जिनके खेल मैदान प्रशिक्षण के लिए उपयुक्त हों। इसके अलावा शाम के समय कक्षाओं में लिखित परीक्षा की तैयारी के लिए कोचिंग की व्यवस्था भी की जाएगी और वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों में पढ़ रहे योग्य युवाओं को इस अभियान से जोड़ा जाएगा। रक्षा भर्ती मानकों के बारे में प्रेरणात्मक और मार्गदर्शन सत्र आयोजित किए जाएंगे। स्वास्थ्य विभाग द्वारा युवाओं के लिए मेडिकल स्क्रीनिंग कैंप आयोजित कर पोषण, फिटनेस और चोटों से बचाव के बारे में जागरूक किया जाएगा।
उपायुक्त ने कहा कि इस अभियान से अग्निवीर और हरियाणा पुलिस भर्ती के लिए युवाओं की व्यवस्थित तैयारी सुनिश्चित होगी, ग्रामीण युवाओं की खेल और प्रशिक्षण गतिविधियों में भागीदारी बढ़ेगी तथा भर्ती प्रक्रियाओं में जिले के अधिक से अधिक युवाओं का चयन संभव हो सकेगा। अभियान के तहत रिटौली, कबुलपुर, कारौर, सांघी, खिड़वाली, निंदाना, गद्दी खेड़ी, बोहर, खेड़ी साध और बलियाना गांवों को प्राथमिकता के आधार पर शामिल किया गया है। बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार, एएसपी प्रतीक अग्रवाल, सांपला के एसडीएम उत्सव आनंद, रोहतक के एसडीएम आशीष कुमार, महम के एसडीएम विपिन कुमार, डीएसपी गुलाब सिंह, डीडीपीओ राजपाल चहल, जिला सैनिक बोर्ड की सचिव गौरिका सुहाग, सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Girish Saini 

