दोआब कॉलेज में कारगिल विजय दिवस के उपलक्ष्य में 'रन फॉर वॉरियर्स' का आयोजन
जालन्धर, 25 जुलाई, 2026: दोआबा कालेज में कारगिल विजय दिवस के मौके पर भारतीय सेना के वीर जवानों के अदम्य साहस, शौर्य एवं सर्वोच्च बलिदान को श्रद्धापूर्वक नमन करने हेतु 'रन फॉर वॉरियर्स' का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ कॉलेज के ओपन एयर थिएटर से हुआ । इस अवसर पर कॉलेज के प्रि. डॉ. प्रदीप भंडारी ने उपस्थित विद्यार्थियों एवं स्टाफ को संबोधित करते हुए कारगिल युद्ध में भारतीय सशस्त्र सेनाओं द्वारा प्रदर्शित अद्वितीय वीरता, अटूट धैर्य एवं राष्ट्रसेवा की भावना का स्मरण किया । उन्होंने कहा कि हमारे वीर शहीदों का सर्वोच्च बलिदान प्रत्येक नागरिक के लिए प्रेरणा का स्रोत है तथा हमें उनके आदर्शों का अनुसरण करते हुए ईमानदारी, समर्पण और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए ।
इस अवसर पर एनसीसी कैडेट्स, एनएसएस स्वयंसेवकों, शिक्षकों एवं गैर-शिक्षण कर्मचारियों सहित 200 से अधिक प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ 2 किलोमीटर की दौड़ में भाग लिया । इस दौड़ के माध्यम से देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता तथा राष्ट्रगौरव का संदेश जन-जन तक पहुँचाया गया ।
दौड़ के उपरांत सभी प्रतिभागी दोआबा चौक स्थित शहीद नस्तिंदर पाल सिंह की प्रतिमा पर पहुँचे, जहाँ उन्होंने पुष्पांजलि अर्पित कर वीर शहीद को भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा देश की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर करने वाले सभी वीर सैनिकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।
यह आयोजन राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय चेतना तथा शहीदों के प्रति सम्मान का प्रतीक था ।
City Air News 

