एप्टीट्यूड परीक्षा में रुचिका ने बाजी मारी
रोहतक, गिरीश सैनी। लाल नाथ हिंदू कॉलेज के गणित विभाग द्वारा आयोजित एप्टीट्यूड परीक्षा में विद्यार्थियों की तार्किक क्षमता, संख्यात्मक योग्यता और आंकड़ों के विश्लेषण से जुड़े कौशल को परखा गया।
गणित विभागाध्यक्षा डॉ. मीनाक्षी गुगनानी ने बताया कि परीक्षा में रीजनिंग, क्वांटिटेटिव एप्टीट्यूड और डेटा इंटरप्रिटेशन पर आधारित बहुविकल्पीय प्रश्न शामिल किए गए। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों की गणितीय समझ विकसित करने के साथ उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करना था।
अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य डॉ. अनिल कुमार तनेजा ने कहा कि उच्च शिक्षा में प्रवेश तथा सरकारी और निजी क्षेत्र की प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता के लिए तार्किक सोच और गणितीय कौशल महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने गणित विभाग की पहल की सराहना करते हुए विद्यार्थियों को ऐसी गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिता में बीकॉम द्वितीय की रुचिका ने प्रथम, बीसीए प्रथम के लोकेश ने दूसरा तथा प्रिंस व सचिन ने तीसरा स्थान हासिल किया। विजेताओं को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया गया। निर्णायक एवं पर्यवेक्षक की भूमिका डॉ. सनी कपूर, संतोष और डॉ. ख्याति डंग ने निभाई।

Girish Saini

