आरटीए सचिव ने वाहन चालकों को यातायात नियमों के पालन बारे किया जागरूक
रोहतक, गिरीश सैनी। प्रादेशिक परिवहन प्राधिकरण के सचिव वीरेंद्र सिंह ढुल ने अपने कार्यालय में आने वाले वाहन चालकों को यातायात नियमों विशेषकर हेलमेट एवं सीट बेल्ट का प्रयोग करने बारे जागरूक किया। उन्होंने कहा कि यातायात नियम नागरिकों की सुरक्षा के दृष्टिगत बनाये गए है।
गत दिनों उपायुक्त सचिन गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित सडक़ सुरक्षा एवं सुरक्षित स्कूल वाहन पॉलिसी की मासिक समीक्षा बैठक में निर्देश दिये गए थे कि हेलमेट एवं सीट बेल्ट का प्रयोग न करने वाले वाहनों का सरकारी कार्यालयों व पार्किंग में प्रवेश निषेध किया जाये। इन्ही आदेशों की अनुपालना में आरटीए सचिव ने अपने कार्यालय में आने वाले वाहन चालकों को हेलमेट व सीट बेल्ट का प्रयोग करने के लिए जागरूक किया।
उन्होंने कहा कि दोपहिया वाहन चालक हेलमेट का प्रयोग किये बिना वाहन न चलाये। दोपहिया वाहन चालक के अलावा मोटर साइकिल या स्कूटर पर बैठने वाली दूसरी सवारी के लिए भी हेलमेट का प्रयोग अनिवार्य किया गया है। हेलमेट का प्रयोग करने से सडक़ दुर्घटना की स्थिति में सिर में गहरी चोट से बचाव होता है। उन्होंने चार पहिया वाहन चालकों से भी वाहन चलाते समय सीट बेल्ट लगाने को कहा।

Girish Saini 

