रोटरी क्लब रोहतक नेक्स्ट बनाएगा कन्या गुरुकुल रुड़की की टूटी चारदिवारी

क्लब द्वारा छात्रा संवाद कार्यक्रम आयोजित।

रोटरी क्लब रोहतक नेक्स्ट बनाएगा कन्या गुरुकुल रुड़की की टूटी चारदिवारी

रोहतक, गिरीश सैनी। वैश्विक स्तर पर गुरुकुल शिक्षा पद्धति को ही विद्यार्थी के समग्र विकास का आधार तथा सर्वोत्तम व प्रगतिशील मानते हुए रोटरी क्लब रोहतक नेक्स्ट द्वारा विश्ववारा कन्या गुरुकुल, रुड़की में छात्राओं के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया।

बतौर मुख्य अतिथि क्लब के प्रधान डॉ अपूर्व नरूला ने छात्राओं की शिक्षा को अति आवश्यक बताते हुए कहा कि एक लड़की शिक्षित होती है तो वह दो घरों का उद्धार करती है। उन्होंने क्लब की ओर से छात्राओं की सुरक्षा के लिए बारिश से गिरी हुई गुरुकुल स्कूल की चारदीवारी बनवाने की घोषणा भी की। इसके लिए उन्होंने क्लब की ओर से आचार्या पद्मश्री सुकामा को धनराशि सौंपी।    

गुरुकुल की आचार्या पद्मश्री सुकामा ने क्लब सदस्यों का स्वागत करते हुए उन्हें गुरुकुल की कार्यप्रणाली से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि यहां छात्राएं वैदिक ज्ञान-विज्ञान व सर्व कला संपन्न होकर परिवार, समाज, राष्ट्र और विश्व के लिए प्रगतिशील ज्ञान व वैदिक संस्कार ग्रहण करती हैं। छात्राओं को किताबी ज्ञान के साथ-साथ बौद्धिक, शारीरिक और आत्मिक विकास, चरित्र निर्माण, योग, वेदों का ज्ञान व अनुशासित जीवन जीने का तरीका बचपन से ही सिखाया जाता है। उन्होंने बताया कि छात्राएं संस्कृत में वार्तालाप करती हैं। गुरुकुल में भारत भर से 10 राज्यों के अलावा नेपाल से भी छात्राएं अध्ययनरत हैं।

इस मौके पर आचार्या के संचालन में छात्राओं ने स्वयं रचित संगीत एवं हठयोग का प्रदर्शन किया। छात्रा दृष्टि ने आंख पर पट्टी बांध कर रंगों की पहचान व अख़बार पढ़कर सभी को आश्चर्यचकित कर दिया। क्लब सदस्य रजत ने भी गीत पेश कर उपस्थित जन का मन मोह लिया। क्लब प्रधान डॉ अपूर्व नरूला ने कार्यक्रम आयोजन के लिए डॉ सरला हुड्डा और डॉ हरिजित सिंह हुड्डा का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर क्लब ट्रेनर डॉ ईशा नरूला, क्लब सेक्रेटरी करण मखीजा, रजत बख्शी, अतुल बंसल, मीडिया प्रभारी ज्योति बंसल, आर्यमन नरूला, इशिका नरूला, अनायरा नरूला मौजूद रहे।