हरियाणा की खेल नीति से चमक रहे रोहतक के सितारे
डीसी ने पदक विजेता आशिमा और देवांक को किया सम्मानित
रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सतबीर सिंह ने कहा कि हरियाणा की प्रभावी खेल नीति से खिलाड़ियों को लगातार प्रोत्साहन मिल रहा है, जिसके चलते रोहतक के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर जिले और देश का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की उपलब्धियां नई पीढ़ी को खेलों के प्रति प्रेरित करती है।
उपायुक्त ने पदक विजेता आशिमा अहलावत और देवांक दलाल को सम्मानित किया। आशिमा को उनके रोहतक स्थित आवास पर, जबकि देवांक को कैंप कार्यालय में पुष्पगुच्छ और शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया। उन्होंने दोनों खिलाड़ियों और उनके परिवारों को बधाई दी।
डीसी सतबीर सिंह ने कहा कि राज्य सरकार की खेल नीति के तहत ओलंपिक, एशियन गेम्स, राष्ट्रमंडल खेलों और अन्य राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों के लिए नकद पुरस्कार, सम्मान और रोजगार के अवसरों का प्रावधान है। इसका उद्देश्य खिलाड़ियों को प्रतिभा निखारने के लिए बेहतर माहौल उपलब्ध कराना है।
उन्होंने कहा कि रोहतक के कई खिलाड़ी एशियन गेम्स में शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं, जिनमें प्रवीण कुमारी, शेफाली वर्मा, निशा, देवांक दलाल, सुरुचि तिरयाल और आशिमा अहलावत शामिल हैं।

IANS

