रोहतक की बेटी उन्नति हुड्डा बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड रैंकिंग में 19वें स्थान पर

प्रतिष्ठित वर्ल्ड रैंकिंग में शीर्ष 50 में पहुंची हरियाणा की तीन महिला खिलाड़ी।

रोहतक की बेटी उन्नति हुड्डा बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड रैंकिंग में 19वें स्थान पर

रोहतक, गिरीश सैनी। हरियाणा के बैडमिंटन खिलाड़ियों ने एक बार फिर देश भर में अपनी धाक जमाते हुए प्रदेश का नाम ऊँचा किया है। प्रतिष्ठित बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड रैंकिंग के शीर्ष 50 स्थानों में हरियाणा की तीन महिला बैडमिंटन खिलाड़ियों ने अपनी जगह बनाई है। 

हरियाणा बैडमिंटन एसोसिएशन (एचबीए) के महासचिव अजय सिंघानिया ने बताया कि हरियाणा की बैडमिंटन खिलाड़ी उन्नति हुड्डा ने बीडब्ल्यूएफ रैंकिंग में 19वें स्थान हासिल किया है। इससे पहले, पी.वी. सिंधु इस प्रतिष्ठित रैंकिंग में 12वें स्थान पर रही है। सिंघानिया ने बताया कि बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड रैंकिंग में हरियाणा की ही देविका सिहाग ने 40वें स्थान और अनमोल खरब ने 47वें स्थान पर अपनी जगह बनाई है।

एचबीए के प्रधान देवेंद्र सिंह (सेवानिवृत आईएएस) तथा महासचिव अजय सिंघानिया ने इस बेमिसाल कामयाबी पर सभी खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रतिष्ठित रैंकिंग में हरियाणा की तीन खिलाड़ियों का नाम आना गौरवपूर्ण क्षण है। 

ग़ौरतलब है कि बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड रैंकिंग, बैडमिंटन वर्ल्ड फेडरेशन द्वारा स्वीकृत टूर्नामेंट में भाग लेने वाले बैडमिंटन खिलाड़ियों के लिए बैडमिंटन वर्ल्ड फेडरेशन की आधिकारिक रैंकिंग है। इसका उपयोग विश्व चैंपियनशिप और ग्रीष्मकालीन ओलंपिक खेलों के साथ-साथ बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर टूर्नामेंट के लिए योग्यता निर्धारित करने के लिए किया जाता है।