17 सितंबर को डेढ़ लाख दीयों से रोशन होगा रोहतक, सेवा संकल्प अभियान का होगा भव्य आगाज

डीसी सतबीर सिंह ने अभियान को लेकर दिए जरूरी दिशा निर्देश।

17 सितंबर को डेढ़ लाख दीयों से रोशन होगा रोहतक, सेवा संकल्प अभियान का होगा भव्य आगाज

रोहतक, गिरीश सैनी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष के सेवा संकल्प अभियान के तहत रोहतक में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। अभियान के पहले दिन जिले के प्रमुख स्थलों पर करीब डेढ़ लाख सरसों के दीये जलाए जाएंगे। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, सरकारी भवनों और महत्वपूर्ण स्थलों पर सफेद लाइटिंग भी की जाएगी।

उपायुक्त सतबीर सिंह ने मंगलवार को लघु सचिवालय में अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी गतिविधियां भव्यता और गंभीरता के साथ आयोजित की जाएं। उन्होंने कहा कि 17 सितंबर को शाम सात बजे सरकारी भवनों, विकास कार्यों, अमृत सरोवरों, मतदान केंद्रों और प्रमुख धार्मिक स्थलों पर दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। सभी विभाग अपने कार्यालय भवनों पर भी दीये जलाएं और कार्यक्रमों की फोटो व रील्स साझा करवाएं।

एलिवेटेड रेलवे ट्रैक और रोड पर विशेष रोशनी की जाएगी। ट्रैक के चिन्हित स्थानों पर हजारों दीये जलाए जाएंगे। उपायुक्त ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मजबूत सीढ़ियों और यातायात प्रबंधन के निर्देश दिए। सांपला में चौ. छोटूराम की प्रतिमा स्थल तथा महम की ऐतिहासिक बावड़ी को भी दीपों और लाइटिंग से सजाया जाएगा।

अभियान के तहत मेरे सपनों का भारत-चित्र सेवा मॉड्यूल में 18 से 21 सितंबर तक स्कूलों में पेंटिंग, भाषण और रंगोली प्रतियोगिताएं होंगी। नमो सेवा-अनकही कहानियां के तहत नुक्कड़ नाटक, जबकि 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक आंगनबाड़ी मिलन सेवा के तहत पोषण, स्वास्थ्य और महिला कल्याण को लेकर जागरूकता कार्यक्रम होंगे।

सेवा मेरा योगदान मॉड्यूल के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक रक्तदान, पौधारोपण, स्वच्छता, स्वास्थ्य जांच, डिजिटल साक्षरता, साइबर सुरक्षा, योग और नशा मुक्ति सहित 25 गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। खंड स्तर पर विशेष शिविर लगाकर पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ भी मौके पर दिया जाएगा।

अतिरिक्त उपायुक्त एवं अभियान प्रभारी नरेंद्र कुमार ने विभागीय अधिकारियों से मॉड्यूलवार तैयारियों की जानकारी ली और निर्धारित कार्यक्रम समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। इस दौरान एसडीएम अंकिता पुवार, आशीष कुमार व विपिन कुमार, सहायक आयुक्त प्रशिक्षु विशाल सिंह, आरटीए सचिव वीरेंद्र सिंह ढुल, नगर निगम की संयुक्त आयुक्त नमिता सिंह, नगराधीश शुभम, सहित विभिन्न विभागों के उच्च अधिकारी मौजूद रहे।