मानसून को लेकर तैयारियों में जुटा रोहतक नगर निगम
निगमायुक्त नरेंद्र कुमार ने बरसाती पानी की निकासी के लिए योजना के तहत कार्य करने के निर्देश दिए
रोहतक, गिरीश सैनी। नगर निगम, रोहतक के आयुक्त नरेंद्र कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि आगामी वर्षा ऋतु को ध्यान में रखते हुए शहर में कहीं भी जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए पूर्व तैयारी एवं प्रभावी कार्य योजना के तहत कार्य किया जाये। बरसात से पहले नालों की सफाई सुनिश्चित की जाये। निगमायुक्त सफाई व तकनीकी शाखा के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की समीक्षा बैठक का अध्यक्षता कर रहे थे।
निगमायुक्त नरेंद्र कुमार ने निर्देश दिए कि रोहतक शहर में बरसात के समय पानी एकत्रित नहीं होना चाहिए। जलभराव वाले क्षेत्रों को प्राथमिकता के आधार पर चिन्हित कर यदि वहां पंप सेट लगाये जा सकते है तो पंप सेट की तैयारी की जाए और अगर कहीं पर संप वैल बनाये जाने है तो वो बनाये जाये। उन्होंने बरसात के समय पानी निकासी हेतु एक विशेष टीम गछित किए जाने के भी निर्देश दिए, जो बरसात के समय अविलंब पानी निकासी का कार्य करवाना सुनिश्चित करेगी।
निगमायुक्त ने बताया कि निगम द्वारा नाला सफाई कार्य की जोन बनाकर ई-निविदा की जा चुकी है तथा नियमानुसार जल्द ही नालों की सफाई का कार्य आरंभ करवाया जाएगा। इसके अलावा, सभी संबंधित अधिकारियो की ड्यूटी संवेदनशील/जलभराव के क्षेत्रों के लिए लगाई जायेगी, ताकि आमजन को बरसात के समय किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने स्पष्ट किया कि शहरवासियों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाना निगम की प्राथमिकता है। बरसात के दौरान नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सभी गंभीरता एवं तत्परता के साथ कार्य करें।
इस दौरान संयुक्त आयुक्त नमिता कुमारी व मंजीत सिंह, कार्यकारी अभियंता मंजीत दहिया व योगराज छिकारा, सहायक अभियंता सत्यव्रत, शांत सुहाग, मंदीप, तरूण कुमार, मुख्य सफाई निरीक्षक सुधीर कुमार व सचिन, कनिष्ठ अभियंता सूर्या धनखड़ व नीरज सहित अन्य संबंधित मौजूद रहे।

Girish Saini 

