सफाई व्यवस्था को लेकर पूरी तरह चाक-चौबंद रोहतक नगर निगम प्रशासन

अधिकारी रात में मुख्य बाजारों व सड़कों का निरीक्षण कर ले रहे सफाई व्यवस्था का जायजा।

सफाई व्यवस्था को लेकर पूरी तरह चाक-चौबंद रोहतक नगर निगम प्रशासन

रोहतक, गिरीश सैनी। नगर निगम, रोहतक के आयुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर निगम प्रशासन की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए कहा कि निगम द्वारा शहर की सफाई व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया जा रहा है। इसके लिए निगम अधिकारियों को नियमित निरीक्षण करने, सफाई कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए गए हैं।

इसी कड़ी में निगम के कार्यकारी अभियंता मंजीत दहिया, जिला नगर योजनाकार तिलकराज, भू-अधिकारी संदीप बतरा व सहायक सफाई निरीक्षक संदीप राठी ने मुख्य बाजारों व सड़कों पर सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने एवं रात के समय सफाई कार्य की जांच के लिए निरीक्षण किया। निगम अधिकारियो ने किला रोड, रेलवे रोड, डी-पार्क, सेक्टर-1 व 2 मार्केट, पुराना बस स्टैंड से आंबेडकर चौक, कैनाल रेस्ट हाउस चौक, सोनीपत रोड व दिल्ली रोड आदि स्थानों पर जाकर सफाई कार्यों का जायजा लिया।

निगमायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने कहा कि इस दौरान अधिकारियों ने सफाई व्यवस्था, स्वीपिंग मशीन का कार्य, कूड़ा उठान, डोर-टू-डोर कलेक्शन तथा सड़क किनारे जमा कचरे की स्थिति की जांच की। साथ ही, सफाई कर्मचारियों की उपस्थिति, कार्यप्रणाली तथा सफाई में उपयोग किए जा रहे उपकरणों का भी निरीक्षण किया। निगम अधिकारियों ने बाजारों में रेहड़ी-फड़ी वालों व दुकानदारों से अपील की कि वे डस्टबीन अवश्य रखें तथा कूड़ा केवल कूड़ा लेने वाली गाड़ी में ही डालें। बाजारों में विशेष रूप से निगम द्वारा रात के समय भी कूड़ा उठान किया जा रहा है।

निगमायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी प्रमुख बाजारों, चौकों, सार्वजनिक स्थलों, शौचालयों तथा मुख्य सड़कों पर नियमित रूप से सफाई कार्य सुनिश्चित किया जाए।