सवा लाख दीयों से रोशन हुआ रोहतक
सिंचाई परियोजना को आगे बढ़ाने पर किसानों को बड़ी सौगातः मंत्री श्रुति चौधरी
रोहतक, गिरीश सैनी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशहित में लिए गए निर्णयों से विकास को नई गति मिली है। हरियाणा की खेती और सिंचाई से जुड़ी लंबे समय से लंबित परियोजना को आगे बढ़ाने का निर्णय किसानों के लिए बड़ी सौगात है। यह बात महिला एवं बाल विकास तथा सिंचाई एवं जल सेवाएं मंत्री श्रुति चौधरी ने वीरवार को रोहतक में कही।
सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में जिलेभर में सवा लाख से अधिक सरसों के तेल के दीये जलाए गए। मुख्य कार्यक्रम बजरंग भवन फाटक के पास एलिवेटेड रेलवे ट्रैक पर हुआ, जहां मंत्री श्रुति चौधरी ने दीप जलाकर अभियान की शुरुआत की। इस दौरान पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर, उपायुक्त सतबीर सिंह सहित प्रशासनिक अधिकारी और भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे। एलिवेटेड रेलवे ट्रैक के चिन्हित हिस्से पर विशेष रोशनी की गई।
श्रुति चौधरी ने कहा कि हरियाणा कृषि प्रधान प्रदेश है और किसानों के लिए पर्याप्त पानी व बेहतर सिंचाई व्यवस्था जरूरी है। उन्होंने कहा कि लंबित परियोजना को आगे बढ़ाने से प्रदेश की कृषि और सिंचाई व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
एलिवेटेड रेलवे ट्रैक रोहतक की अहम परियोजना
पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर ने कहा कि करीब 315 करोड़ रुपये की लागत से बने 4.8 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड रेलवे ट्रैक से चार लेवल क्रॉसिंग समाप्त हुए हैं। इससे शहर में यातायात जाम की समस्या कम हुई है। पुराने रेलवे ट्रैक की जगह चिन्योट कॉलोनी से सेक्टर-6 तक नई सड़क भी बनाई जा रही है, जिस पर करीब 21.27 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
सांपला में चौधरी छोटूराम प्रतिमा स्थल, महम की ऐतिहासिक बावड़ी समेत जिले के मतदान केंद्रों, सरकारी भवनों, शिक्षण संस्थानों, धार्मिक स्थलों और विकास परियोजनाओं पर दीये जलाए गए। सांपला, महम और कलानौर विधानसभा क्षेत्रों में करीब 30-30 हजार दीये जलाए गए। महम के मदीना गांव में स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाया गया।

Girish Saini 

