डी प्लान स्कीम क्रियान्वयन में रोहतक जिला अव्वलः उपायुक्त सचिन गुप्ता
स्कीम के तहत कुल आवंटित बजट का 99.65 प्रतिशत किया गया खर्च।
रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने बताया कि वर्ष 2025-26 के अंतर्गत डी प्लान स्कीम में रोहतक जिला ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। उन्होंने बताया कि रोहतक को कुल 16,74,38,000 रुपये की धनराशि आवंटित की गई थी। इस बजट में से जिला के कुल 16,68,56,154 रुपये का ऑनलाइन व्यय किया गया और कुल आवंटित बजट का 99.65 प्रतिशत व्यय करते हुए प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया।
उपायुक्त ने कहा कि ये उपलब्धि जिले के सभी विभागों के समन्वित प्रयास, पारदर्शिता एवं प्रभावी मॉनिटरिंग का परिणाम है। उन्होंने इस सफलता का श्रेय सभी विभागों के समन्वित प्रयास, पारदर्शी कार्यप्रणाली, प्रभावी मॉनिटरिंग तथा अतिरिक्त उपायुक्त के कुशल मार्गदर्शन को दिया।
उपायुक्त ने विशेष रूप से अतिरिक्त उपायुक्त की सराहना करते हुए कहा कि निरंतर फॉलो-अप, कड़ी निगरानी एवं विभागों के साथ सक्रिय समन्वय के माध्यम से धनराशि के समयबद्ध एवं प्रभावी उपयोग को सुनिश्चित किया गया। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इसी प्रकार पारदर्शिता एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते हुए जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू किया जाएगा। डी-प्लान के तहत विभिन्न जिलों को विकास कार्यों के लिए समय-समय पर ग्रांट जारी की जाती है।
उपायुक्त ने कहा कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य गांव और शहर में सडक़, नालियां, खेल क्षेत्र, आंगनवाडी, स्कूलों व चौपाल आदि का निर्माण स्थानीय जरूरतों के अनुसार करवाया जाता है। उन्होंने कहा कि विभिन्न विकास कार्यों के लिए जिला विकास एवं निगरानी समिति की बैठक में कार्यों को मंजूरी मिलती है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा प्रति वर्ष डिस्ट्रिक प्लान के तहत ग्रांट जारी की जाती है।

Girish Saini 

