पुष्प वर्षा, आतिशबाजी के बीच रोहतक में रामलीला महोत्सव का आगाज
मंचन में त्रिदेवों की परीक्षा, विष्णु की क्षमा का संदेश
रोहतक, गिरीश सैनी। स्थानीय पुरानी आईटीआई मैदान में रामलीला उत्सव कमेटी द्वारा रामलीला महोत्सव एवं दशहरा मेले का शुभारंभ हुआ। पहले दिन ब्रह्मा, विष्णु, महेश और भृगु ऋषि की पौराणिक नाटिका ने दर्शकों का मन मोह लिया। कलाकारों ने भगवान विष्णु की सहनशीलता, विनम्रता और क्षमाशीलता का प्रभावशाली मंचन किया।
महामंडलेश्वर स्वामी कपिल पुरी के सानिध्य में आयोजित रामलीला समारोह का उद्घाटन पूर्व मेयर मनमोहन गोयल, मुख्य संरक्षक राजेश जैन सहित अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से किया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में गणेश वंदना, महाराजा अग्रसेन का दरबार, श्री कृष्ण की झांकी, दिव्य महारास, फूलों की होली और अष्टलक्ष्मी आरती आकर्षण का केंद्र रही। ड्रोन से पुष्प वर्षा और रंग-बिरंगी आतिशबाजी ने उत्सव की रौनक बढ़ाई। बड़ी संख्या में श्रद्धालु कार्यक्रम देखने पहुंचे।
मुख्य निर्देशक लीलाधर के निर्देशन में मंचित नाटिका में भृगु ऋषि द्वारा त्रिदेवों की परीक्षा लेने और भगवान विष्णु के क्षमाशील व्यवहार से उनका अहंकार समाप्त होने का प्रसंग दिखाया गया।

Girish Saini

