एलपीजी की कालाबाजारी पर रोहतक प्रशासन सख्त, छापेमारी में 57 गैस सिलेंडर जब्त

जिला में रसोई गैस की कोई कमी नहीं, पर्याप्त स्टॉक उपलब्धः डीसी सचिन गुप्ता

एलपीजी की कालाबाजारी पर रोहतक प्रशासन सख्त, छापेमारी में 57 गैस सिलेंडर जब्त

रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा है कि जिला में रसोई गैस (एलपीजी) की कोई कमी नहीं है और गैस सिलेंडर आपूर्ति को लेकर जिला वासियों को भयभीत होने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिला में एलपीजी गैस सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है तथा प्रशासन पूरी तरह से स्थिति पर नज़र बनाए हुए है।

उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा है कि गैस की कालाबाजारी, जमाखोरी अथवा अनाधिकृत उपयोग को रोकने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। पिछले एक सप्ताह के दौरान विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर 57 गैस सिलेंडर जब्त किए गए हैं, जिनका कमर्शियल उपयोग किया जा रहा था। उन्होंने कहा है कि जिला में कुल 35 गैस एजेंसियां कार्यरत हैं और वर्तमान में 16 हजार से अधिक गैस सिलेंडरों का स्टॉक उपलब्ध है। गत वीरवार को विभिन्न गैस एजेंसियों के माध्यम से 9,069 गैस सिलेंडर उपभोक्ताओं को वितरित किए गए, जबकि 8,408 गैस सिलेंडरों की नई सप्लाई जिला को प्राप्त हुई।

उपायुक्त ने कहा है कि जिला में गैस की आपूर्ति नियमित रूप से जारी है और उपभोक्ताओं तक सिलेंडर समय पर पहुंचाए जा रहे हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें तथा केवल आवश्यकता अनुसार ही गैस सिलेंडर प्राप्त करें और अनावश्यक रूप से सिलेंडरों का संग्रह न करें। उन्होंने कहा है कि शहरी क्षेत्रों में प्रत्येक परिवार को 25 दिनों के अंतराल के बाद गैस सिलेंडर उपलब्ध करवाया जा रहा है, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रत्येक परिवार को 45 दिनों के अंतराल पर गैस की आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।

उपायुक्त ने कहा कि रसोई गैस के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सहायक खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारियों को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है, जो अपने-अपने क्षेत्रों में एलपीजी से संबंधित शिकायतों का त्वरित निवारण सुनिश्चित करेंगे। रोहतक के सहायक खाद्य एवं पूर्ति अधिकारी अशोक कुमार को रोहतक व सांपला क्षेत्र तथा महम की सहायक खाद्य एवं पूर्ति अधिकारी कुसुमलता को महम, कलानौर व लाखनमाजरा क्षेत्र का नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। उपायुक्त ने आमजन से आह्वान किया है कि यदि उन्हें एलपीजी गैस की कालाबाजारी या अनियमितता की कोई शिकायत हो तो वे संबंधित नोडल अधिकारी या जिला स्तर के हेल्पलाइन नंबर 01262-269895 पर संपर्क करें।