वृंदावन सहित अन्य धार्मिक स्थलों के लिए रोहतक से संचालित होंगी एसी बसें

उपायुक्त, पूर्व मंत्री व मेयर ने हरी झंडी दिखा कर किया रवाना।

वृंदावन सहित अन्य धार्मिक स्थलों के लिए रोहतक से संचालित होंगी एसी बसें

रोहतक, गिरीश सैनी। रोहतक के नागरिक अब विभिन्न धार्मिक स्थलों के लिए आरामदायक बस यात्रा कर सकेंगे। रोहतक बस डिपो से विभिन्न धार्मिक स्थलों के लिए पांच एसी बसों को संचालित किया गया है। उपायुक्त सचिन गुप्ता, पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर तथा मेयर राम अवतार वाल्मीकि ने रोहतक बस स्टैंड से हरी झंडी दिखाकर वृंदावन के लिए एक बस को रवाना किया।

 

पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व वाली राज्य सरकार आमजन की मांग के अनुसार सुविधा उपलब्ध करवा रही है। इसी के मद्देनजर रोहतक से वृंदावन के लिए एसी बस की सुविधा यात्रियों को उपलब्ध करवाई गई है। इसके अलावा अन्य धार्मिक स्थलों के लिए भी एसी बसें यहां से संचालित होगी। पूर्व मंत्री ग्रोवर ने कहा कि हरियाणा के लोगों की गहरी धार्मिक आस्था है और लोग समय-समय पर पवित्र स्थलों का भ्रमण करते हैं। एसी बस की सुविधा मिलने से लोगों को काफी आराम मिलेगा। उन्होंने रोहतक बस स्टैंड से धार्मिक स्थलों के लिए पांच एसी बसें संचालित करने के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी तथा परिवहन मंत्री अनिल विज का भी आभार व्यक्त किया।

 

इस दौरान मेयर राम अवतार वाल्मीकि ने रोहतक बस डिपो से धार्मिक स्थलों के लिए एसी बसों को संचालित करने के हरियाणा सरकार के इस निर्णय की सराहना की। रोहतक बस डिपो के महाप्रबंधक विपिन कुमार शर्मा ने कहा कि धार्मिक स्थलों के लिए एसी बस संचालित करने में रोहतक डिपो हरियाणा का एक अग्रणी डिपो बन गया है। उन्होंने कहा कि समय-समय पर नागरिकों द्वारा अलग-अलग स्थानों के लिए बसें संचालित करने की मांग को गंभीरता से लेते हुए सरकार द्वारा धार्मिक स्थलों के लिए रोहतक डिपो से पांच एसी बसें संचालित की गई है। एसी बसों के साथ-साथ साधारण बसें भी लगातार धार्मिक स्थलों के लिए चलती रहेगी। उन्होंने बताया कि वृंदावन के लिए एसी बस दोपहर 12:10 बजे रवाना होगी।