कांग्रेस शासन में बहती थी भ्रष्टाचार की नदियां, नौकरियों की लगती थी बोलीः सांसद डॉ अरविंद शर्मा
सांसद ने महम हलके के गांवों में किया जनसपंर्क।
रोहतक, गिरीश सैनी। कांग्रेस शासन में भ्रष्टाचार की नदियां बहती थी और पर्ची-खर्ची के चलते नौकरियों की बोली लगती थी, लेकिन प्रदेश में भाजपा सरकार ने ईमानदारी की एक मिसाल पेश कर योग्य युवाओं को योग्यता के आधार पर नौकरियां दी है। ये बात सांसद डॉ अरविंद शर्मा ने चुनावी जनसंपर्क के दौरान कही।
शनिवार को सांसद ने महम हलके के गिरावड़, खरक जाटान, चांदी, बैंसी सहित कई गांवों में आयोजित कार्यक्रमों में शिरकत की। इस दौरान ग्रामीणों को संबोधित करते हुए सांसद डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी व मुख्समंत्री नायब सैनी के नेतृत्व में केंद्र व प्रदेश सरकार ने अनेकों योजनाएं लागू की हैं, जिनसे गरीबों को लाभ मिल रहा है। गरीब परिवार इन योजनाओं के जरिए समाज की मुख्य धारा से जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि आयुष्मान और चिरायु योजना ने गरीबों को बीमारी के दौरान खर्चे की चिंता से मुक्त किया है। वहीं भाजपा सरकार ने प्रदेश में बिना पर्ची और खर्ची के एक लाख से ज्यादा युवाओं को सरकारी नौकरी दी है। सांसद ने कहा कि लोकसभा चुनाव में जनता के आशीर्वाद और कार्यकर्ताओं के दम पर प्रदेश की दसों लोकसभा सीटों पर कमल खिलेगा और तीसरी बार केंद्र में मोदी सरकार बननी तय है।
सांसद ने कहा कि प्रदेश के लोग कांग्रेस पार्टी के कुशासन को नहीं भूल पाए है। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में हार के डर से कांग्रेस अब तक प्रत्याशी भी तय नहीं कर पा रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के मूल मंत्र सबका साथ, सबका विकास व सबका विश्वास पर पार्टी काम कर रही है। उन्होंने दोहराया कि भाजपा नेतृत्व वाली सरकार जनता से झूठे वादे नहीं करती, बल्कि जनता की मांग पर जो घोषणाएं की हैं, उन्हें पूरा करके जनता को लाभ पहुंचाने में विश्वास करती है। सांसद डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि भाजपा ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जो कार्यकर्ता को पूरा मान सम्मान देती है।
सांसद डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि केंद्र सरकार का कार्यकाल मुख्य रूप से सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण को समर्पित रहा है। सरकार द्वारा सभी वर्गों के कल्याण के लिए योजनाएं क्रियान्वित की जा रही है।
Girish Saini 


