मिनी मैराथन में रिशिका रही अव्वल
राष्ट्रीय खेल दिवस पर जीजेयू में हुई खेल प्रतियोगिताएं।

हिसार, गिरीश सैनी। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विवि के कुलपति प्रो. नरसीराम बिश्नोई ने कहा है कि हर व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक खेल अवश्य खेलना चाहिए। खेलों में नियमित रूप से भाग लेने से शरीर को निरोग रखा जा सकता है।
कुलपति प्रो. नरसीराम बिश्नोई राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य पर खेल निदेशालय के सौजन्य से आयोजित खेल प्रतियोगिताओं के शुभारंभ पर बतौर मुख्यातिथि संबोधित कर रहे थे। कुलसचिव डा. विजय कुमार विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कुलपति ने कहा कि वर्तमान समय की जीवन शैली के कारण स्वास्थ्य संबंधित चुनौतियां बढ़ गई हैं। ऐसे में शारीरिक गतिविधियां अत्यंत आवश्यक हो गई हैं। उन्होंने उपस्थित जन को खेलों में भाग लेने की शपथ भी दिलवाई। इस दौरान खेल अधिष्ठाता प्रो. आशीष अग्रवाल, खेल निदेशक डॉ. शशिभूषण लूथरा, सह निदेशक मृणालिनी नेहरा, उपनिदेशक गंगादत्त यादव सहित कोच व विद्यार्थी मौजूद रहे।
खेल अधिष्ठाता ने बताया कि मिनी मैराथन के लड़के वर्ग में अनिश ने पहला, आशीष ने दूसरा तथा हिमांशु ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं, लड़कियों के वर्ग में रिशिका पहले, दीक्षा दूसरे व मुस्कान तीसरे स्थान पर रही। सैक रेस में लड़कियों में मानसी पहले, मोनिका दूसरे व वैष्णवी तीसरे तथा लड़कों के वर्ग में संदीप पहले, नवीन दूसरे सौरभ तीसरे स्थान पर रहे। लेमन रेस में जैसमीन पहले, दीपाली दूसरे व काजल तीसरे स्थान पर रही।