सरकार के लिए गरीब के हक सर्वोपरिः मुख्यमंत्री मनोहर लाल

पूर्व मंत्री कृष्णमूर्ति हुड्डा और पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष आजाद मोहम्मद सहित अनेक नेताओं और खिलाड़ी भाजपा में शामिल।

सरकार के लिए गरीब के हक सर्वोपरिः मुख्यमंत्री मनोहर लाल

रोहतक, गिरीश सैनी । लोकसभा चुनाव से पहले सोमवार को रोहतक में कई नेता और खिलाड़ी मुख्यमंत्री का मौजूदगी में भाजपा में शामिल हुए। पूर्व मंत्री कृष्णमूर्ति हुड्डा और हरियाणा विधानसभा के पूर्व उपाध्यक्ष आजाद मोहम्मद जैसे राजनीतिक चेहरों और भीम अवार्डी मुक्केबाज स्वीटी बूरा, अर्जुन अवार्डी कबड्डी खिलाड़ी दीपक हुड्डा जैसी खेल जगत की हस्तियों सहित 100 से अधिक लोगों ने भाजपा की नीतियों में आस्था जताते हुए पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि प्रदेश सरकार के लिए गरीब का अधिकार सबसे पहले है। सरकार ने परिवार पहचान पत्र के माध्यम से गरीब परिवारों की पहचान की है और प्रदेश की 2.80 करोड़ जनता मेरा परिवार है, प्रदेशवासियों की हर तकलीफ का समाधान सरकार द्वारा किया जायेगा। राज्य सरकार प्रदेश में भौतिक विकास के साथ-साथ संस्कारवान मानव निर्माण की दिशा में कार्य कर रही है।

रोहतक में आयोजित एक कार्यक्रम में बोलते हुए सीएम मनोहर लाल ने कहा कि हमारी सरकार ने प्रदेश में पुरानी व्यवस्था को बदला है। जनहितैषी कार्यों को समयबद्ध तरीके से करने के लिए कुछ शक्तियां विभागों को सौंपी गई है तथा पारदर्शी प्रणाली बनाई गई है। राज्य सरकार हरियाणा एक-हरियाणवी एक के मूल मंत्र के तहत कार्य कर रही है तथा उनके लिए सभी प्रदेशवासी एक समान है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने अपने पैतृक घर को ई-लाइब्रेरी बनाने के लिए समाज को दान में दिया है तथा अपने हिस्से की तीन एकड़ भूमि में से एक एकड़ भूमि भी दान में दे दी है। सरकार द्वारा प्रदेश में एक हजार ई-लाइब्रेरी स्थापित की गई है तथा युवाओं को सुविधा प्रदान करने के लिए हर गांव में ई-लाइब्रेरी स्थापित की जा रही है। बिना पर्ची-बिना खर्ची तथा मेरिट के आधार पर नौकरी देने की प्रदेश सरकार की नीति से युवाओं का अब पढ़ाई में विश्वास बहाल हुआ है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद देश व प्रदेश में शासन व्यवस्था में व्यापक बदलाव आया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में भारत आगामी 5 वर्ष में विश्व की तीसरी बड़ी आर्थिक महाशक्ति बनकर उभरेगा। प्रधानमंत्री ने पुरानी विचारधारा को बदलते हुए अच्छे कार्य का समर्थन तथा गलत कार्य का विरोध करने की विचारधारा को अपनाया है। कभी नरेंद्र मोदी को वीजा न देने वाला अमेरिका स्वयं अब नरेंद्र मोदी का मुरीद बन गया है तथा रूस और यूक्रेन भी आज भारत की ओर देख रहे हैं। रूस-यूक्रेन युद्ध में फंसे भारतीयों को 24 घंटे का युद्ध विराम करवाकर हजारों भारतीयों को सुरक्षित भारत लाया गया। यह नए भारत की ताकत है। आज विश्व में भारत का गौरव बढ़ा है तथा विदेशों में भारतीयों को सम्मान की दृष्टि से देखा जाता है। गत 22 जनवरी को अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर में श्री राम की प्राण प्रतिष्ठा से राम राज्य की कल्पना साकार हुई है।

उन्होंने कहा कि हरियाणा में 2014 से पूर्व सीएलयू एवं लाइसेंस के नाम पर धंधे चलते थे। अब इन सबके अधिकार संबंधित विभाग को सौंप दिए गए हैं। उन्होंने आज के कार्यक्रम को ऐतिहासिक बताते हुए भाजपा पार्टी में शामिल होने वाले पूर्व मंत्री कृष्णमूर्ति हुड्डा, विधानसभा के पूर्व उपाध्यक्ष आजाद मोहम्मद, पूर्व कबड्डी कप्तान दीपक हुड्डा, बॉक्सर स्वीटी बूरा सहित हजारों समर्थकों का खुले दिल से स्वागत किया। उन्होंने प्रदेश के किसानों, जवानों व पहलवानों के योगदान की भी सराहना की।

 

कार्यक्रम में कृषि मंत्री जेपी दलाल ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल के नेतृत्व में किसानों की 14 फसलों को न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदा जा रहा है, जो सर्वाधिक है, जिससे किसान खुशहाल हो रहे हैं। गन्ने का सर्वाधिक मूल्य दिया जा रहा है तथा बाजरा भी पड़ोसी राज्यों से अधिक भाव पर खरीदा जा रहा है। प्रदेश सरकार द्वारा कृषि व सिंचाई के लिए बजट को 5 गुणा बढ़ाया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व की महाशक्ति बनने की ओर अग्रसर है।

 

लोकसभा सांसद एवं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नायब सिंह सैनी ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की नीतियों के परिणामस्वरूप लोगों में नया जोश व उत्साह देखने को मिल रहा है। डबल इंजन की सरकार की नीति के परिणामस्वरूप आज प्रदेश में टेल तक किसानों को पर्याप्त पानी उपलब्ध हो रहा है, जिससे किसान समृद्ध हुए हैं। सरकार द्वारा मेरिट के आधार पर सरकारी रोजगार दिया जा रहा है। पर्ची-खर्ची की नीति से परे अब युवाओं का शिक्षा में विश्वास बहाल हुआ है। प्रदेश सरकार की कल्याणकारी नीतियों से किसान, महिला, श्रमिक व हर वर्ग का सरकार में विश्वास मजबूत हुआ है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल का ध्येय प्रदेश के हर व्यक्ति तक योजनाओं का पूरा लाभ पहुंचाना है।

 

सदस्यता ग्रहण समारोह में सांसद एवं प्रदेशाध्यक्ष नायब सिंह सैनी, कृषि मंत्री जेपी दलाल, स्थानीय लोकसभा सांसद डॉ. अरविंद शर्मा, राज्यसभा सांसद सेवानिवृत जनरल डीपी वत्स, प्रदेश महामंत्री डॉ. अर्चना गुप्ता एवं सुरेंद्र पुनिया, पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर, मुख्यमंत्री के सलाहकार तरुण भंडारी, मुख्यमंत्री के ओएसडी वीरेंद्र बड़खालसा, मुख्यमंत्री के ओएसडी प्रचार गजेंद्र फोगाट, मुख्यमंत्री के मीडिया कोऑर्डिनेटर राजकुमार कपूर, योगेश्वर दत्त, प्रदेश कोषाध्यक्ष अजय बंसल, विक्रम कादयान, जिला परिषद की चेयरपर्सन मंजू हुड्डा, शमशेर खरक, राज शर्मा सहित अन्य मौजूद रहे।