मतदाता सूची पुनरीक्षण का संशोधित कार्यक्रम जारी, अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 3 अक्टूबर कोः डीसी सचिन गुप्ता
31 जुलाई से 30 अगस्त तक दर्ज करा सकते हैं दावे और आपत्तियां।
रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सचिन गुप्ता ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा 1 जुलाई 2026 को अर्हता तिथि मानते हुए मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम की संशोधित समय-सारणी जारी की गई है। आयोग के निर्देशानुसार जिला में सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी संशोधित कार्यक्रम के अनुसार निर्धारित गतिविधियों का समयबद्ध ढंग से क्रियान्वयन सुनिश्चित करेंगे।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने बताया कि संशोधित कार्यक्रम के अनुसार बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा घर-घर जाकर सत्यापन अभियान 24 जुलाई तक चलाया जाएगा। इसी अवधि में मतदान केंद्रों का युक्तिकरण एवं पुनर्व्यवस्थापन भी 24 जुलाई तक पूरा किया जाएगा। मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशन 31 जुलाई को किया जाएगा। इसके उपरांत 31 जुलाई से 30 अगस्त तक मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने अथवा संशोधन संबंधी दावे एवं आपत्तियां स्वीकार की जाएंगी। प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का निस्तारण 28 सितंबर तक कर अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 3 अक्टूबर को किया जाएगा।
उन्होंने सभी पात्र नागरिकों से अपील की कि वे प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित होने के बाद अपने नाम एवं विवरण का अवश्य सत्यापन करें। यदि किसी प्रकार की त्रुटि हो अथवा किसी पात्र व्यक्ति का नाम सूची में दर्ज न हो, तो निर्धारित अवधि के भीतर संबंधित बीएलओ, निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी या निर्वाचन कार्यालय में दावा अथवा आपत्ति प्रस्तुत करें। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संशोधित कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा तथा सभी संबंधित अधिकारियों, राजनीतिक दलों एवं आमजन को इसकी जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित किया जा सके और कोई भी योग्य मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रहे।
Girish Saini 


