अच्छी सेहत के साथ रिटायर होना सौभाग्य की बातः कुलपति डॉ. एच.के. अग्रवाल
यूएचएसआर में सेवानिवृत हुए कर्मियों को दी भावभीनी विदाई।
रोहतक, गिरीश सैनी। पं. भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विवि (यूएचएसआर) में सोमवार को सेवानिवृत हुए दो वरिष्ठ चिकित्सकों और दो एएनएस के सम्मान में विदाई समारोह आयोजित किया गया। स्वर्ण जयंती सभागार में आयोजित कार्यक्रम में सर्जरी विभाग के सीनियर प्रोफेसर डॉ. भविंदर अरोड़ा, नेत्र रोग विभाग की डॉ. रीना गुप्ता तथा एएनएस दयावंती देवी और धनपति को सेवानिवृत्ति पर सम्मानित किया गया। टीचर्स वेलफेयर एसोसिएशन की ओर से लेक्चर थियेटर-1 में भी चिकित्सकों के सम्मान में समारोह हुआ।
कुलपति डॉ. एच.के. अग्रवाल ने कहा कि कोई भी व्यक्ति रिटायर न हो, ऐसी इच्छा रहती है, लेकिन अच्छी सेहत के साथ सेवानिवृत्त होना बड़े सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि डॉ. भविंदर अरोड़ा उनके एमबीबीएस के समय के साथी रहे हैं और उन्होंने अपने जीवन का महत्वपूर्ण समय संस्थान तथा मरीजों की सेवा में दिया। उन्होंने सेवानिवृत्त कर्मचारियों को भरोसा दिलाया कि विवि भविष्य में भी हरसंभव सहयोग के लिए उनके साथ रहेगा।
कुलसचिव डॉ. रूप सिंह ने कहा कि सेवानिवृत्ति जीवन का अंत नहीं, बल्कि नए चरण की शुरुआत है। निदेशक डॉ. एस.के. सिंघल ने कहा कि लंबे समय तक साथ काम करने से सहकर्मी परिवार का हिस्सा बन जाते हैं। डीन एकेडमिक अफेयर्स डॉ. एमजी वशिष्ठ ने कहा कि डॉ. अरोड़ा की कमी विभाग को हमेशा महसूस होगी। उन्होंने बताया कि उनके बाद यूनिट की जिम्मेदारी डॉ. नरेश पाल संभालेंगे। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. कुंदन मित्तल ने भी सेवानिवृत्त चिकित्सकों और एएनएस के योगदान को सराहा।
डॉ. अरोड़ा ने बताया कि उन्होंने वर्ष 1980 में करियर शुरू किया और 2008 में संस्थान में लौटने के बाद सर्जरी के क्षेत्र में सेवाएं दीं। उन्होंने करीब 200 शोध पत्र और दो पुस्तकें लिखीं। डॉ. रीना गुप्ता ने कहा कि संस्थान में काम करते हुए बहुत कुछ सीखने और सभी का सहयोग पाने का अवसर मिला। कार्यक्रम का संचालन डॉ. सुधीर अत्री ने किया। डेंटल कालेज की प्राचार्या डॉ. मनु राठी ने सभी के उज्जवल भविष्य की कामना की।

Girish Saini 

