समाधान शिविरों में शिकायतों का प्राथमिकता से करें निपटाराः डीसी
रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सतबीर सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समाधान शिविरों में आने वाली नागरिकों की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित करें। उन्होंने अधिकारियों से शिकायतों के समाधान में सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने और संबंधित नागरिकों से संवाद कर उन्हें की गई कार्रवाई की जानकारी देने को कहा। उन्होंने कहा कि शिकायतों का ऐसा समाधान किया जाए, जिससे समस्या दोबारा सामने न आए।
उपायुक्त के निर्देश पर बुधवार को जिला व उपमंडल मुख्यालयों पर समाधान शिविर आयोजित किए गए। स्थानीय लघु सचिवालय सभागार में सहायक आयुक्त प्रशिक्षु विशाल सिंह, डीएसपी दलीप सिंह और डीडीपीओ राजपाल चहल ने नागरिकों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के शीघ्र निपटारे के निर्देश दिए।

Girish Saini 

