बार एसोसिएशन, आईएमए और एसोसिएशन ऑफ इंडस्ट्रियलिस्ट्स के प्रतिनिधियों ने की राज्यपाल से भेंट
रोहतक, गिरीश सैनी। जिला बार एसोसिएशन, इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) और एसोसिएशन ऑफ इंडस्ट्रियलिस्ट्स के प्रतिनिधिमंडल ने हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष से शिष्टाचार भेंट की। सभी प्रतिनिधियों ने राज्यपाल का स्वागत करते हुए उन्हें विभिन्न सामाजिक, औद्योगिक और विधिक गतिविधियों से अवगत कराया।
जिला बार एसोसिएशन, रोहतक के अध्यक्ष एडवोकेट दीपक हुड्डा ने राज्यपाल को बताया कि यह प्रदेश की सबसे पुरानी बार एसोसिएशनों में से एक है, जिसके लगभग 4,000 अधिवक्ता सदस्य हैं। उन्होंने कहा कि लाला लाजपत राय सहित अनेक प्रतिष्ठित हस्तियां इस बार से जुड़ी रही हैं। राज्यपाल ने कहा कि जिला बार एसोसिएशन न्याय समय पर और विशेष रूप से वंचित, अनुसूचित जातियों एवं जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाना सुनिश्चित करे।
आईएमए की ओर से अध्यक्ष डॉ. आरती साहू, सचिव डॉ. अर्जुन नरूला, डॉ. आदित्य बत्रा सहित अन्य चिकित्सकों ने राज्यपाल से भेंट कर सामुदायिक एवं स्वास्थ्य से जुड़े प्रयासों की जानकारी दी। इस दौरान विभिन्न औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों - राजेश जैन, राजेंद्र बंसल, मनमोहन गोयल सहित अन्य उद्योगपतियों ने राज्यपाल को बताया कि रोहतक जिला तीव्र गति से प्रगति कर रहा है।
राज्यपाल ने कहा कि हरियाणा पहले से ही कृषि क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करते हुए राष्ट्र को खाद्य सुरक्षा प्रदान करने में अग्रणी रहा है। सेना और सशस्त्र बलों में हरियाणा के वीर जवानों ने देश की सेवा कर गौरव बढ़ाया है। अब नया हरियाणा उद्योग, सेवा क्षेत्र और नवाचार के क्षेत्र में भी तेजी से आगे बढ़ रहा है और विकसित भारत के सपने को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
Girish Saini 

