सेवा सेतु शिविरों में होगा जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए पंजीकरणः डीसी

सेवा सेतु शिविरों में होगा जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए पंजीकरणः डीसी

मोखरा में आज और फरमाणा में कल लगेंगे शिविर

रोहतक, गिरीश सैनी। सेवा संकल्प अभियान के तहत जिला प्रशासन की ओर से सेवा सेतु शिविरों का आयोजन जारी है। इसी कड़ी में महम स्थित खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी कार्यालय में शिविर लगाया गया, जहां पात्र लाभार्थियों का विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए पंजीकरण किया गया।

उपायुक्त सतबीर सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा एवं संकल्प के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 17 अक्तूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। इसके सेवा सेतु मॉड्यूल के तहत नागरिकों को उनके घर के नजदीक सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराया जा रहा है। शिविर में संबंधित विभागों ने स्टॉल लगाकर पात्र लोगों का पंजीकरण किया। पंजीकृत लाभार्थियों को नियमानुसार योजनाओं का लाभ दिया जाएगा।

उन्होंने बताया कि 14 अक्तूबर को महम खंड के गांव मोखरा की पाना खांडयान स्थित चौपाल और 15 अक्तूबर को फरमाणा गांव की ब्राह्मण धर्मशाला में शिविर लगाए जाएंगे। उपायुक्त ने पात्र नागरिकों से शिविरों में पहुंचकर योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।