12 साल में हरियाणा को बेरोजगारी, कर्ज और अपराध में आगे ले गई भाजपाः पूर्व सीएम हुड्डा
किसानों को एमएसपी से कम दाम, युवाओं को रोजगार नहीं; सरकारी रिपोर्टों के हवाले से सरकार पर साधा निशाना
रोहतक/चंडीगढ़, गिरीश सैनी। पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने भाजपा सरकार के 12 साल के कार्यकाल को विफल बताते हुए आरोप लगाया कि झूठे वादे, बढ़ता अपराध, बेरोजगारी, कर्ज और घोटाले ही सरकार का रिपोर्ट कार्ड हैं। भाजपा सरकार के तीसरे कार्यकाल की दूसरी वर्षगांठ पर उन्होंने विभिन्न सरकारी रिपोर्टों और आंकड़ों के हवाले से कांग्रेस और भाजपा शासन की तुलना की।
हुड्डा ने कहा कि मंडियों में किसानों को धान एमएसपी से 400 रुपये और बाजरा 800 से 900 रुपये प्रति क्विंटल कम दाम पर बेचना पड़ रहा है। धान का भाव 3,100 रुपये देने, स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशें लागू करने और किसानों की आय दोगुनी करने के वादे पूरे नहीं हुए। उन्होंने आरोप लगाया कि दो लाख सरकारी पद खाली हैं और युवाओं को रोजगार देने के बजाय भर्ती प्रक्रिया लटकाई जा रही है। महिलाओं को 2,100 रुपये देने की योजना भी शर्तों में उलझ गई है।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि प्रदेश का कर्ज करीब 70 हजार करोड़ रुपये से बढ़कर साढ़े पांच लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। उन्होंने अपराध, भ्रष्टाचार और औद्योगिक पलायन में वृद्धि का आरोप लगाते हुए कहा कि 2018-19 से अब तक 1,446 कारखाने बंद हुए या दूसरे राज्यों में चले गए। उनके मुताबिक, बेरोजगारी और महिलाओं की सुरक्षा के मोर्चे पर भी हरियाणा की स्थिति चिंताजनक है।
पूर्व सीएम हुड्डा ने दावा किया कि कांग्रेस शासन में स्वास्थ्य, शिक्षा, उद्योग, बिजली और परिवहन के क्षेत्र में कई संस्थान व परियोजनाएं स्थापित हुईं। इसके विपरीत, भाजपा सरकार के कार्यकाल में नए बड़े संस्थानों और औद्योगिक परियोजनाओं की कमी रही। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार हर वर्ग से किए वादे पूरे करने में विफल रही है।

Girish Saini

