सोमनाथ दर्शन यात्रा के लिए वरिष्ठ पात्र नागरिकों का पंजीकरण 6 जून तकः डीआईपीआरओ संजीव सैनी
सीएम नायब सिंह सैनी 8 जून को कुरुक्षेत्र से विशेष ट्रेन को झंडी दिखाकर करेंगे रवाना।
रोहतक, गिरीश सैनी। हरियाणा सरकार द्वारा शुरू की गई मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत 8 जून को गुजरात स्थित सोमनाथ मंदिर दर्शन के लिए विशेष ट्रेन रवाना होगी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 8 जून को कुरुक्षेत्र से स्वाभिमान पर्व के तहत इस विशेष ट्रेन को सोमनाथ के लिए झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इस विशेष ट्रेन में पात्र श्रद्धालुओं को मुफ्त यात्रा की सुविधा उपलब्ध करवाई जायेगी। पात्र वरिष्ठ नागरिक 6 जून 2026 तक सरल पोर्टल पर पंजीकरण करवाये। पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर सुविधा मिलेगी।
जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी संजीव सैनी ने बताया कि इच्छुक पात्र वरिष्ठ नागरिक सोमनाथ मंदिर दर्शन के लिए सरल पोर्टल पर 6 जून 2026 तक पंजीकरण करवाये। इस यात्रा के लिए वही व्यक्ति पात्र होंगे जो हरियाणा के मूल निवासी हों, जिनकी आयु 60 वर्ष या उससे अधिक हो तथा जिनकी वार्षिक आय 1.80 लाख रुपये से कम हो। आवेदन करने वाले पात्र वरिष्ठ नागरिक मेडिकल सर्टिफिकेट भी बनवाये, जो यात्रा पर जाने के लिए अनिवार्य होगा। प्रक्रिया एवं अन्य जानकारी के लिए नागरिक saralharyana.gov.in पोर्टल पर विजिट कर सकते हैं।
डीआईपीआरओ संजीव सैनी ने बताया कि सोमनाथ मंदिर भारतीय संस्कृति, आस्था और गौरव का प्रतीक है तथा इस प्रकार की यात्राएं समाज में आध्यात्मिक चेतना और सांस्कृतिक मूल्यों को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। सोमनाथ मंदिर दर्शन यात्रा की विशेष ट्रेन में धूम्रपान, शराब व गुटखा इत्यादि के सेवन पर प्रतिबंध रहेगा। सोमनाथ मंदिर परिसर में भी इन नशीले पदार्थों का सेवन नहीं किया जा सकेगा।

Girish Saini 

