कुलसचिव डॉ. रूप सिंह ने स्कूली बच्चों को दिया स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश
हड्डी रोग जागरूकता शिविर आयोजित।
रोहतक, गिरीश सैनी। स्थानीय गांधी कैंप स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय में इंडियन ऑर्थोपेडिक एसोसिएशन के तत्वावधान में मनाए जा रहे बोन एंड जॉइंट सप्ताह के तहत आयोजित एक विशेष हड्डी रोग जागरूकता शिविर का उद्घाटन पं. भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विवि के कुलसचिव एवं हड्डी रोग विभागाध्यक्ष डॉ. रूप सिंह ने किया। स्कूली बच्चों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आजकल बच्चों में हड्डियों और जोड़ों की बीमारियां कम उम्र में ही दिखने लगी हैं, जिसका सबसे बड़ा कारण खराब खानपान और शारीरिक गतिविधियों की कमी है।
डॉ. रूप सिंह ने बच्चों के साथ अच्छी सेहत के 5 मंत्र साझा करते हुए आह्वान किया कि रोजाना योग अथवा व्यायाम अवश्य करें, खानपान में हरी सब्जियां जरूर लें, संतुलित भोजन अपनाएं। उन्होंने कहा कि अगर बचपन में ही रोग की पहचान हो जाए तो उसका पूरा उपचार संभव है। लेकिन कई बार अभिभावक डॉक्टर के पास देर से आते हैं, तब तक बीमारी बढ़ चुकी होती है, इसलिए जागरूकता अति आवश्यक है।
शिविर में हड्डी रोग विभाग के प्रो. उमेश यादव और डॉ. जितेंद्र वधवानी की टीम ने लगभग 80 बच्चों की स्क्रीनिंग की, जिनमें से 18 बच्चों में हड्डी और जोड़ों से संबंधित समस्याएं पाई गई। चिन्हित बच्चों के अभिभावकों से संपर्क कर पीजीआईएमएस, रोहतक के हड्डी रोग विभाग में उनका निशुल्क इलाज किया जाएगा। इस दौरान कम्युनिटी मेडिसिन विभाग के डॉ. नीलम कुमार, डॉ. वरुण अरोड़ा, डॉ. अनुज जांगड़ा, डॉ. मनोज सैनी सहित मुख्य अध्यापिका प्रतिभा रानी व शिक्षक मौजूद रहे।
Girish Saini 

