एड्स के बारे में जागरूक करने के लिए रेड रिबन कैंपेन शुरू
हिसार, गिरीश सैनी। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विवि में राष्ट्रीय सेवा योजना के सौजन्य से आयोजित रेड रिबन कैंपेन की शुरुआत स्वयंसेवकों ने कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई को रेड रिबन लगाकर की। एनएसएस स्वयंसेवकों ने कुलसचिव प्रो विनोद छोकर तथा तकनीकी सलाहकार डॉ. संदीप राणा को भी रेड रिबन लगाया। इस अभियान का मार्गदर्शन एनएसएस समन्वयक डॉ. अंजू गुप्ता ने किया।
कुलपति प्रो. नरसीराम बिश्नोई ने बताया कि एचआईवी एक प्रमुख वैश्विक सार्वजनिक स्वास्थ्य समस्या बनी हुई है, जिसने आज तक अनुमानित 42.3 मिलियन लोगों की जान ले ली है। दुनिया भर के सभी देशों में इसका संक्रमण जारी है। एचआईवी संक्रमण को रोकने के लिए लोगों को इस बारे में जागरूक करना होगा। लोगों को इसकी उत्पत्ति एवं प्रसार के बारे में बताया जाए ताकि लोग इस महामारी के दुष्प्रभाव से बच सकें।
समन्वयक डॉ. अंजू गुप्ता ने बताया रेड रिबन, एड्स के प्रति जागरूकता फैलाने का अन्तर्राष्ट्रीय प्रतीक है। उन्होंने बताया कि स्वयंसेवक सभी विभागों में जाकर स्टाफ और स्टूडेंट्स को रेड रिबन लगाकर एड्स के बारे में जागरूक करेंगे। स्वयंसेवकों ने कुलपति को कैंपेन से संबंधित पोस्टर भी भेंट किया।
Girish Saini 

