दिव्यांग बच्चों को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर, सिरतार का ढांचा होगा मजबूत
मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने नवीनीकृत बहुउद्देशीय हॉल का किया उद्घाटन
रोहतक, गिरीश सैनी। हरियाणा सरकार विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। इसके लिए शिक्षा, प्रशिक्षण, स्वास्थ्य, रोजगार और पुनर्वास की सुविधाओं को मजबूत किया जाएगा। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने शुक्रवार को रोहतक स्थित राज्य पुनर्वास प्रशिक्षण एवं शोध संस्थान (सिरतार) के नवीनीकृत बहुउद्देशीय हॉल का उद्घाटन करते हुए यह बात कही।
मंत्री बेदी ने कहा कि दिव्यांग बच्चों के भविष्य, स्वास्थ्य, स्वच्छता, सुरक्षा और पेंशन संबंधी जरूरतों पर विशेष ध्यान दिया जाए। संस्थान में प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को रोजगार और आत्मनिर्भरता के अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रभावी योजना बनाई जाएगी। उन्होंने बच्चों की देखभाल में संवेदनशीलता बरतने तथा भोजन की गुणवत्ता और सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. जी. अनुपमा ने विशेष शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए सिरतार में प्रत्येक सत्र में कम से कम 200 विद्यार्थियों के प्रवेश का लक्ष्य रखने पर जोर दिया। उन्होंने बुनियादी ढांचे के उन्नयन, रिक्त पद भरने और स्पीच, ऑक्यूपेशनल व फिजियोथेरेपिस्ट की उपलब्धता सुनिश्चित करने की आवश्यकता बताई।
निदेशक मुकुल कुमार ने कहा कि नवीनीकृत हॉल से विद्यार्थियों को प्रशिक्षण, सांस्कृतिक गतिविधियों और प्रतिभा प्रदर्शन के लिए बेहतर मंच मिलेगा। कार्यक्रम में बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी। अतिरिक्त उपायुक्त एवं संस्थान के निदेशक नरेंद्र कुमार ने मंत्री कृष्ण बेदी को स्मृति चिन्ह भेंट किया। इस दौरान उपायुक्त सतबीर सिंह, पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर सहित संस्थान के अधिकारी, शिक्षक, कर्मचारी, अभिभावक, विद्यार्थी व अन्य गणमान्य जन मौजूद रहे।

Girish Saini

