सीबीटी विद्यार्थियों को सिखाए रोजगार पाने के गुर - संचार कौशल, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व विकास पर जोर
रोहतक, गिरीश सैनी। एमडीयू के सेंटर फॉर बायोटेक्नोलॉजी और सीसीपीसी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित पांच दिवसीय सॉफ्ट स्किल्स एवं रोजगारपरक प्रशिक्षण कार्यक्रम शुक्रवार को संपन्न हुआ। नंदी फाउंडेशन की महिंद्रा प्राइड क्लासरूम पहल के तहत आयोजित कार्यक्रम में एमएससी विद्यार्थियों और पीएचडी शोधार्थियों को रोजगार पाने के व्यावहारिक गुर सिखाए गए।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि आईआरएस अमित दहिया ने विद्यार्थियों को करियर लक्ष्य निर्धारित करने, अनुशासन बनाए रखने और निरंतर सीखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि प्रतिस्पर्धा के दौर में आत्मविश्वास और कौशल विकास सफलता के लिए जरूरी है।
कुलसचिव प्रो. संदीप बंसल ने प्रशिक्षण में सीखे कौशल को शैक्षणिक एवं व्यावसायिक जीवन में अपनाने का आह्वान किया। सेंटर निदेशक प्रो. रितु गिल ने अतिथियों का स्वागत किया। डीन प्रो. मीनाक्षी वशिष्ठ ने सकारात्मक सोच, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करने पर जोर दिया। प्रशिक्षण विपिन धवन ने दिया। प्रो. एस.एस. गिल ने आभार जताया।

Girish Saini

