ओलंपिक पदक विजेताओं की इनामी राशि बढ़ाने की सिफारिश, एमडीयू स्पोर्ट्स बोर्ड बैठक में कई अहम फैसले
रोहतक, गिरीश सैनी। एमडीयू के सरदार वल्लभभाई पटेल क्रिकेट स्टेडियम में शुक्रवार को स्पोर्ट्स एग्जीक्यूटिव बोर्ड की बैठक हुई। अध्यक्ष डॉ. राजवंती शर्मा की अध्यक्षता में हुई बैठक में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने, खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने और खेल व्यवस्था को मजबूत करने से जुड़े कई प्रस्तावों पर चर्चा हुई।
बैठक में सत्र 2026-27 के खेल बजट, विवि टीमों के चयन के लिए चयन समितियों के गठन और वार्षिक इंटर-कॉलेज खेल कैलेंडर पर विचार किया गया। सत्र 2025-26 के स्पोर्ट्स काउंसिल फंड से जुड़े अस्थायी अग्रिमों की ऑडिट रिपोर्ट भी चर्चा में रही।
सबसे महत्वपूर्ण प्रस्ताव ओलंपिक पदक विजेताओं की प्रोत्साहन राशि से जुड़ा रहा। बोर्ड ने स्वर्ण पदक विजेता को 21 लाख, रजत पदक विजेता को 15 लाख और कांस्य पदक विजेता को 11 लाख रुपये देने की अनुशंसा की। प्रस्ताव को अंतिम मंजूरी के लिए स्पोर्ट्स काउंसिल को भेजा जाएगा।
संबद्ध महाविद्यालयों के शारीरिक शिक्षा विभागों से मिले सुझावों पर भी मंथन हुआ। वहीं, वर्ष 2002 की स्पोर्ट्स काउंसिल रूल्स एंड रेगुलेशंस हैंडबुक को मौजूदा नियमों के अनुरूप अपडेट करने के लिए समिति गठित करने का प्रस्ताव रखा गया।
खेल निदेशक कुलताज सिंह ने सहायक निदेशक का कार्यभार डॉ. विपिन सैनी को सौंपे जाने पर कुलपति प्रो. मिलाप पूनिया का आभार जताया। उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के प्रयासों की भी सराहना की। बैठक के सभी प्रस्ताव स्पोर्ट्स काउंसिल को अनुमोदन के लिए भेजने की अनुशंसा की गई।

Girish Saini 

