ऊर्जा सुरक्षा के बिना तेज आर्थिक विकास संभव नहीं : डॉ. राजेश कुमार
बीएमयू में -भारतीय अर्थव्यवस्था में ऊर्जा क्षेत्र पर विस्तार व्याख्यान।
रोहतक, गिरीश सैनी। बाबा मस्तनाथ विवि, अस्थल बोहर में अर्थशास्त्र विभाग द्वारा -भारतीय अर्थव्यवस्था में ऊर्जा क्षेत्र विषय पर विस्तार व्याख्यान आयोजित किया गया। कुलपति डॉ. बी.एम. यादव के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में एमडीयू के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. राजेश कुमार ने बतौर मुख्य वक्ता विद्यार्थियों को ऊर्जा क्षेत्र की भूमिका, मौजूदा चुनौतियों और भविष्य की संभावनाओं से अवगत कराया।
डॉ. राजेश कुमार ने कहा कि ऊर्जा किसी भी देश के आर्थिक विकास की आधारभूत जरूरत है। उद्योग, कृषि, परिवहन, रोजगार, तकनीकी प्रगति और सामाजिक विकास समेत अर्थव्यवस्था का लगभग हर क्षेत्र ऊर्जा की उपलब्धता और उसके कुशल उपयोग पर निर्भर करता है। भारत की तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था के साथ ऊर्जा की मांग भी लगातार बढ़ रही है। ऐसे में ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा देना और ऊर्जा का विवेकपूर्ण उपयोग जरूरी है।
उन्होंने सौर एवं पवन ऊर्जा, ऊर्जा सुरक्षा और सतत विकास के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े समसामयिक आर्थिक मुद्दों के अध्ययन के लिए प्रेरित किया। व्याख्यान के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका डॉ. राजेश कुमार ने तथ्यपरक ढंग से जवाब दिया।
डीन डॉ. ब्रह्म प्रकाश ने कहा कि ऊर्जा क्षेत्र को मजबूत करना देश की आर्थिक प्रगति और आत्मनिर्भरता से सीधे जुड़ा है। छात्र कल्याण अधिष्ठाता डॉ. सुधीर मलिक ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम से आगे समसामयिक विषयों की व्यावहारिक समझ देते हैं।
मंच संचालन डॉ. प्रवेश कुमारी ने किया। कार्यक्रम में उप-डीन डॉ. प्रदीप कुमार सहित डॉ. करण सिंह, डॉ. रामकिशन, डॉ. पुष्पा, डॉ. शीला डबास, डॉ. मनजीत कुमार, डॉ. सुशील कुमार, डॉ. जितेंद्र, डॉ. सोनिका, डॉ. अतुल समेत शिक्षक एवं विद्यार्थी मौजूद रहे। अंत में डॉ. पुष्पा सिंधु ने आभार जताया।

Girish Saini 

