समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को गति देगा रंगोत्सवः मंत्री डॉ अरविंद शर्मा

तिलयार पर आयोजित होली मिलन समारोह में छाया संस्कृति का रंग।

समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को गति देगा रंगोत्सवः मंत्री डॉ अरविंद शर्मा

रोहतक, गिरीश सैनी। हरियाणा के विरासत व पर्यटन मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में सरकार प्रदेश के पर्यटन केंद्रों को घूमने-फिरने का स्थान ही नहीं, अपितु प्रादेशिक संस्कृति अनुभव का केन्द्र भी बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है। लोक परंपराओं को बेहतर मंच देने के साथ-साथ बेहतर आतिथ्य के तौर पर पर्यटन विभाग के काम्प्लेक्स अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे। 

मंगलवार को विरासत व पर्यटन मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने पर्यटन विभाग द्वारा आयोजित रंगोत्सव 2026 कार्यक्रम के तहत स्थानीय तिलयार लेक पर आयोजित होली मिलन समारोह में शिरकत की। पर्यटन विभाग के एजीएम राजपाल ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।

प्रदेशवासियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए पर्यटन मंत्री डॉ. शर्मा ने कहा कि रंगों का ये पर्व आपसी प्रेम, भाईचारे और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के मार्गदर्शन में हरियाणा पर्यटन विभाग द्वारा प्रदेश के 22 पर्यटन केंद्रों में एक साथ रंगोत्सव का आयोजन किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य हरियाणा की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देना, पर्यटन को नई गति देना और परिवारों को सुरक्षित एवं आनंदमय वातावरण में त्योहार मनाने का अवसर प्रदान करना है।

उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से स्थानीय कलाकारों को मंच मिलता है और प्रदेश की लोक परंपराओं को नई पहचान मिलती है। डॉ. अरविंद शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी पर्यटन स्थलों पर स्वच्छता, सुरक्षा और सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि पर्यटकों को बेहतर अनुभव मिल सके।

इस दौरान लोक कलाकार रमेश कलावड़िया एवं कलाकार सलीम की टीम ने हरियाणवी रागनी, ब्रज एवं अन्य पारंपरिक लोकगीतों और नृत्यों की प्रस्तुति दी। समारोह के दौरान फूलों की होली खेली गई और उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को पुष्प वर्षा के माध्यम से बधाई दी। रंग, संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच तिलयार लेक परिसर उत्सव के रंगों से सराबोर नजर आया।