भगवान राम की संगीतमय महाआरती के साथ दसवें दिन रामलीला शुरू
200 फीट ऊंचे रावण, कुंभकरण व मेघनाथ के पुतलों का दहन होगा आज शाम।

रोहतक, गिरीश सैनी। स्थानीय पुरानी आईटीआई मैदान में श्री रामलीला उत्सव कमेटी द्वारा आयोजित रामलीला महोत्सव में बुधवार को समाजसेवी राजेश जैन के सानिध्य में सहकारिता मंत्री डॉ. अरविन्द शर्मा, महामंडलेश्वर स्वामी विश्वेश्वरानंद, प्रतिष्ठित उद्योगपति विजय पाल बंसल, समाजसेवी सुरेश बंसल, समाजसेवी बृजभूषण बंसल, भाजपा के प्रदेश कोषाध्यक्ष अजय बंसल ने रिमोट का बटन दबाकर रामलीला का उद्घाटन किया। सभी अतिथियों ने भगवान राम की संगीतमय महाआरती की औऱ आकाश में धुमकेतू तारा छोड़ा।
रामलीला महोत्सव के दसवें दिन कलाकारों ने युद्ध में मेघनाथ और कुम्भकर्ण वध का सजीव मंचन किया। अहिरावण द्वारा राम-लक्ष्मण को देवी की बलि चढाने के लिए ले जाने औऱ हनुमान को ये पता लगने पर पाताल लोक में जाकर अहिरावण को मारने के दृश्य ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। रंग बिरंगी लाइटों से जगमगाते पंडाल में नागरिकों की भीड़ लजीज व्यंजनों सहित झूलों, ऊंट की सवारी, निशानेबाजी, सेल्फी प्वाइंट सहित अन्य खेलों व खरीदारी के स्टॉलों पर उमड़ रही है।
पंडाल में पर्यावरण संरक्षण के लिए निशुल्क जैविक खाद के स्टाल पर भी नागरिक पहुंच रहे हैं। राम मंदिर अयोध्या, प्रेम मंदिर वृंदावन की प्रतिकृति के अलावा ब्रह्माकुमारी द्वारा आयोजित चैतन्य देवियों की झांकियां भी दर्शकों को लुभा रही हैं। कमेटी पदाधिकारियों द्वारा सभी अतिथियों को मोतियों की माला, बैज, पटका, शाल व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान प्रधान सुभाष तायल, राजीव जैन, सन्नी निझावन, शीतल, मनीष बंसल, सुमित बंसल, नितिन बंसल, रमेश रोहिल्ला, रामकुमार पंचाल सहित अन्य गणमान्य मौजूद रहे।
दशहरा मेला में वीरवार को सायं 6 बजे रावण दहन होगा। 200 फीट ऊंचे रावण, कुंभकर्ण व मेघनाथ के पुतलों का दहन किया जाएगा। गर्दन घुमा कर आंखों से आग के शोले बरसाता हुआ दशमुखी रावण का पुतला विशेष आकर्षण का केंद्र होगा। रात्रि 8.00 बजे से कलाकारों द्वारा रंगारंग कार्यक्रम पेश किया जाएगा।