रैली से कारोबार बढ़ेगा, व्यापारियों की आशंका निराधारः पूर्व सीपीएस मान
सरकार पर रैली रोकने के लिए यातायात नियमों का सहारा लेने का आरोप
बाढ़डा, गिरीश सैनी। हरियाणा के पूर्व मुख्य संसदीय सचिव रणसिंह मान ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली इंडिया गठबंधन की रैली को विफल करने के लिए हथकंडे अपना रही है। उन्होंने दावा किया कि रैली में उमड़ने वाली भीड़ से कारोबार को नुकसान नहीं, बल्कि फायदा होगा।
बाढ़डा मंडी में किसानों और आढ़तियों से बातचीत के दौरान मान ने कहा कि रामलीला मैदान के आसपास के व्यापारियों द्वारा राहुल गांधी को पत्र लिखकर रैली स्थगित करने की मांग के पीछे जताई गई आशंकाएं निराधार हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि अन्ना हजारे और स्वामी रामदेव के आंदोलनों के दौरान कारोबार प्रभावित होने की ऐसी आशंकाएं क्यों नहीं जताई गईं।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने रैली में भीड़ रोकने के लिए नए यातायात नियम लागू किए हैं। उन्होंने लोकतंत्र और चुनावी पारदर्शिता के मुद्दे पर एक नवंबर की रैली और उसके बाद होने वाले मार्च में भाग लेने की अपील की। इस दौरान रवि बडराई, नवीन हंसावास, कर्ण सिंह, सुभाष मान और विजय सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Girish Saini

