राज्यसभा सांसद ने कांग्रेस पर लगाया देश की अर्थव्यवस्था को डुबोने का आरोप
देश का भविष्य मेक इन इंडिया और मेड बाय इंडियंस में हैः सांसद रामचंद्र जांगड़ा

रोहतक, गिरीश सैनी। राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा ने कहा है कि स्वतंत्रता के बाद विपक्ष की सरकारों ने पश्चिमी विकास मॉडल और आयात पर निर्भर मिश्रित अर्थव्यवस्था को अपनाया, जिसके फलस्वरूप भारत के उद्योग कमजोर हो गए और हम विदेशों में बनी वस्तुओं पर निर्भर होकर रह गए। उन्होंने कहा कि भारत एक समय सोने की चिड़िया कहलाता था और भारत के गांव अपने आप में आत्मनिर्भर थे। उन्होंने कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि कांग्रेस ने देश की अर्थव्यवस्था को डुबाने में कोई कमी नहीं छोड़ी।
शनिवार को स्थानीय भाजपा कार्यालय मंगल कमल में पत्रकारों से बातचीत करते हुए राज्यसभा सांसद ने कहा कि भारत को आत्मनिर्भर बनाने, हर कारीगर के हाथों को काम मिलने और देश को आर्थिक ऊंचाइयों पर ले जाने की ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2014 में ध्यान दिया। प्रधानमंत्री मोदी ने देश को वोकल फॉर लोकल तथा मेक इन इंडिया का नारा दिया। मोदी सरकार ने विदेशी कंपनियों पर शर्त लगाई कि उत्पादन भारत में ही करना होगा और भारतीय लोगों को रोजगार देना होगा। इस दौरान प्रदेश मीडिया सह-प्रभारी शमशेर सिंह खरक, जिलाध्यक्ष रणवीर ढाका सहित अन्य मौजूद रहे।
सांसद जांगड़ा ने कहा कि कोविड के समय स्वदेश मे बनी वैक्सीन ने देश की 140 करोड़ जनता को सुरक्षित किया। 100 से अधिक देशों को भी भारत में बनी वैक्सीन का निर्यात किया गया। उन्होंने कहा कि देश का भविष्य मेक इन इंडिया और मेड बाय इंडियंस में ही है। उन्होंने नागरिकों का आह्वान किया कि स्वदेशी अपनाकर आत्मनिर्भर भारत बनाने में अपना सहयोग दे। उन्होंने कहा कि हमें स्वदेशी को ही विकसित भारत की नींव बनाना है।