पोस्टर बनाकर किया सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम एवं एचपीवी टीकाकरण के प्रति जागरूक
रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सचिन गुप्ता के निर्देशानुसार सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम एवं ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) टीकाकरण के प्रति छात्राओं और समाज में जागरूकता बढ़ाने के लिए स्कूली छात्राओं के लिए पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों के माध्यम से एचपीवी संक्रमण, सर्वाइकल कैंसर से बचाव तथा समय पर एचपीवी टीकाकरण के महत्व का संदेश समाज तक प्रभावी रूप से पहुंचाना था।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने छात्राओं को जानकारी दी कि एचपीवी टीकाकरण के साथ-साथ स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता, नियमित स्क्रीनिंग तथा समय पर चिकित्सकीय परामर्श भी सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विशेषज्ञों ने कहा कि एचपीवी टीकाकरण केवल व्यक्तिगत सुरक्षा का माध्यम नहीं, बल्कि बेटियों के स्वस्थ, सुरक्षित एवं सशक्त भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी (डीआईओ) डॉ. प्रतिभा तथा रीजनल मैनेजर डॉ. अपर्णा के समन्वय में संपन्न इस पोस्टर प्रतियोगिता में छात्राओं ने अपनी रचनात्मकता दिखाते हुए सर्वाइकल कैंसर से बचाव एचपीवी टीकाकरण अपनाएं विषय पर आकर्षक एवं संदेशपरक पोस्टर प्रस्तुत किए। इस दौरान अभिभावकों से अपील की गई कि वे अपनी पात्र बेटियों के एचपीवी टीकाकरण के संबंध में सही एवं वैज्ञानिक जानकारी प्राप्त करें तथा स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित टीकाकरण अभियान में सक्रिय सहयोग प्रदान करें।
Girish Saini 

