28 से 30 जून तक चलेगा पल्स पोलियो अभियानः डीसी सचिन गुप्ता

हाई रिस्क क्षेत्रों पर रहेगा विशेष फोकस।

28 से 30 जून तक चलेगा पल्स पोलियो अभियानः डीसी सचिन गुप्ता

रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने जिला वासियों का आह्वान किया है कि वे अपने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को 28 से 30 जून तक राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत दो बूंद दवा पिलाकर इस बीमारी पर अपनी जीत को बरकरार रखें। नेशनल पल्स पोलियो अभियान के तहत लक्षित आयु वर्ग के लगभग एक लाख 12 हजार बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई जायेगी।

स्वास्थ्य विभाग की मासिक समीक्षा बैठक के दौरान पल्स पोलियो अभियान की तैयारियों बारे आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त ने कहा कि तीन दिवसीय अभियान के दौरान 28 जून को पोलियो बूथ पर लक्षित आयु वर्ग अर्थात शून्य से 5 वर्ष के बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई जायेगी। किसी कारणवश पोलियो बूथ पर दवा पीने से वंचित रहे बच्चों को 29 व 30 जून को घर-घर जाकर पोलियो की दवा पिलाई जायेगी।

उपायुक्त ने बताया कि इस अभियान के तहत दवा पिलाने के लिए चार सदस्यीय 495 स्थाई बूथ बनाए गए हैं, जबकि 26 ट्रांजिट टीमें गठित की गई है। इसके अलावा 56 मोबाइल टीमें भी गठित की गई है तथा अभियान की निगरानी के लिए 121 सुपरवाइजर नियुक्त किये गए है। उन्होंने कहा कि हाई रिस्क क्षेत्रों में विशेष ध्यान दिया जाये।

उन्होंने कहा कि पोलियो एक संक्रामक रोग है, जो पोलियो विषाणु से मुख्यत: छोटे बच्चों में होता है। यह बीमारी बच्चे के किसी भी अंग को जिन्दगी भर के लिये कमजोर कर देती है। बचाव ही इस बीमारी का एकमात्र उपाय है। जिला के हाई रिस्क एरिया जैसा कि ईंट-भट्टे, डेरे, फैक्ट्रियां, स्लम एरिया, झुग्गी-झोपड़ी में रह रहे बच्चों को पोलियो की बूंदें पिलाने पर ज्यादा जोर दिया जाएगा, क्योंकि ऐसी जगह पोलियो फैलने का खतरा सबसे अधिक होता है। सभी रेलवे स्टेशनों व बस स्टैंड पर पोलियो बूथ बनाए गए हैं ताकि बाहर से आने वाले बच्चों को भी पोलियो की बूंदें पिलाई जा सके।

बैठक में सहायक आयुक्त प्रशिक्षु विशाल सिंह, सिविल सर्जन डॉ. कमला वर्मा, उप सिविल सर्जन डॉ. विकास, एसएमओ डॉ. संजीव मलिक, एसएमओ डॉ. सुशीला, डॉ. रणवीर सिंह, डॉ. जीडी शर्मा, एएसएमओ डॉ. नरोतम गोयल, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. प्रतिभा, चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज, डॉ. अनिलजीत त्रेहान सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।