सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने पर जन-जागरूकता अभियान

भजन मंडलियां गांव-गांव जाकर दे रही केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों की जानकारी।

सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने पर जन-जागरूकता अभियान

रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा है कि भारत सरकार के सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जिला में विभिन्न जन-जागरूकता एवं जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इस अभियान का उद्देश्य केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, उपलब्धियों तथा विकास कार्यों की जानकारी आमजन तक पहुंचाना है।

उपायुक्त ने कहा कि अभियान के तहत स्कूलों, महाविद्यालयों तथा अन्य शैक्षणिक संस्थानों में विभिन्न प्रतियोगिताओं, संवाद कार्यक्रमों एवं जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसके अलावा सोशल मीडिया एवं डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से भी सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सूचना, जनसंपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग की भजन मंडलियां गांव-गांव जाकर गीतों एवं भजनों के माध्यम से केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों का प्रचार कर रही हैं। पात्र व्यक्तियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया के बारे में भी जागरूक किया जा रहा है।

उपायुक्त ने बताया कि उपमंडल स्तर पर आयोजित किए जाने वाले जनसंवाद कार्यक्रमों के बारे में भी भजन मंडलियों द्वारा आमजन को जागरूक किया जा रहा है। ग्रामीणों को बताया जा रहा है कि जनसंवाद कार्यक्रमों में वे अपनी समस्याओं का मौके पर समाधान करवाने के साथ-साथ विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए पंजीकरण भी करवा सकते हैं।