स्वतंत्र भारत के वास्तविक शिल्पकार थे पं. नेहरूः विधायक बत्तरा

कांग्रेसजनों ने भारत रत्न पं. नेहरू को दी भावभीनी श्रद्धांजलि।

स्वतंत्र भारत के वास्तविक शिल्पकार थे पं. नेहरूः विधायक बत्तरा

रोहतक, गिरीश सैनी। पं. जवाहर लाल नेहरू ने एक आधुनिक, समावेशी और प्रगतिशील भारत की नींव रखी थी। स्वतंत्रता संग्राम में अहम भूमिका निभाने वाले पं. नेहरू स्वतंत्र भारत के वास्तविक शिल्पकार थे। यह उद्गार विधायक भारत भूषण बत्तरा ने मंगलवार को स्थानीय कांग्रेस भवन में पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्व. जवाहरलाल नेहरू की पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए व्यक्त किए।

विधायक बत्तरा ने कहा कि पं. नेहरू एक महान एवं दूरदर्शी नेता थे, जिन्होंने अपना संपूर्ण जीवन स्वतंत्रता आंदोलन से लेकर लोकतंत्र की स्थापना करने में लगाया। उन्होंने धर्मनिरपेक्षता और संविधान की नींव रखते हुए भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया। बत्तरा ने कहा कि पं. जवाहरलाल नेहरू ने लोकतंत्र के वास्तविक मूल्य को स्थापित किया। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, खाद्यान्न, कृषि एवं विज्ञान सहित सभी क्षेत्रों के विस्तार के लिए दूरदर्शिता का परिचय दिया, जिसका लाभ आज तक देश को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसी महान शख्सियत के जीवन मूल्य सदैव हम सब का मार्गदर्शन करते रहेंगे।

सभा को संबोधित करते हुए वरिष्ठ कांग्रेस नेता चक्रवर्ती शर्मा ने कहा कि आज सत्ता में बैठे लोग भले ही पं. नेहरू के बारे में झूठ फैला रहे हो, लेकिन लोग सच जानते हैं। स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान को भावी पीढ़ी सदैव याद रखेंगी।

इस दौरान पूर्व पार्षद गुलशन इश्पुनियानी, कदम सिंह अहलावत, पार्षद विजय गोयल, तारा चंद बागड़ी, महिला जिला अध्यक्ष निर्मल सहित अन्य मौजूद रहे।