नागरिक प्रगणकों को पूर्ण सहयोग करते हुये दें सटीक जानकारीः डॉ. ललित जैन

30 मई तक प्रथम चरण में मकान सूचीकरण का कार्य जारी।

नागरिक प्रगणकों को पूर्ण सहयोग करते हुये दें सटीक जानकारीः डॉ. ललित जैन

रोहतक, गिरीश सैनी। गृह मंत्रालय के जनगणना निदेशालय, हरियाणा के निदेशक डॉ. ललित जैन ने जिला वासियों का आह्वान किया कि वे जनगणना 2027 के अंतर्गत घर आने वाले प्रगणकों को पूरा सहयोग दें तथा अपने बारे में सही व सटीक जानकारी प्रदान करें। नागरिकों द्वारा दी गई सभी जानकारी को पूरी तरह से गोपनीय रखा जाएगा और किसी भी व्यक्ति या संस्था के साथ साझा नहीं किया जाएगा तथा न ही किसी नागरिक के विरुद्घ इस जानकारी प्रयोग किया जायेगा।

डॉ. ललित जैन ने उपायुक्त सचिन गुप्ता व अन्य अधिकारियों के साथ प्रेस प्रतिनिधियों से जनगणना 2027 के बारे में संवाद करते हुए कहा कि सरकार के निर्देशानुसार जनगणना के कार्य को पहली बार डिजिटल रूप से किया जा रहा है तथा प्रथम चरण में 30 मई तक मकान सूचीकरण का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने सभी नागरिकों का आह्वान किया कि वे इस राष्ट्रीय अभियान में सक्रिय रूप से भाग लें और यह सुनिश्चित करें कि उनकी जनगणना विधिवत रूप से दर्ज हो।

निदेशक डॉ. ललित जैन ने कहा कि प्रगणक नागरिकों से कोई आधार कार्ड या पैनकार्ड नहीं लेंगे। वे केवल सरकार द्वारा निर्धारित किये गए सामान्य प्रश्न पूछ कर आवश्यक जानकारी ऐप में दर्ज करेंगे। प्रगणकों को कोड सहित पहचान पत्र दिये गए है। नागरिक इन पहचान पत्रों को स्कैन कर चैक कर सकते है। जनगणना का कार्य शुरू हो गया है तथा इस कार्य में 33 सवाल नागरिकों से पूछे जा रहे है। इसके तहत नागरिकों के रहन-सहन बारे जानकारी ली जायेगी। इनके मकानों के बारे में जानकारी के अलावा पीने के पानी की उपलब्धता, शौचालय, इंटरनेट, वाहन इत्यादि जानकारी ली जा रही है।

 

डॉ. ललित जैन ने कहा कि गत 1 से 30 अप्रैल तक हरियाणा में स्व-गणना का कार्य किया गया। यदि किसी नागरिक ने स्व-गणना में भाग लेकर अपनी जनगणना की है और आईडी प्राप्त की है तो वे घर आने वाले प्रगणक को वह आईडी उपलब्ध करवाये। उन्होंने कहा कि जनगणना के प्रथम चरण में मकान सूचीकरण में केवल मकानों की गणना की जा रही है। इसमें खाली प्लॉटों की गणना नहीं की जा रही है। सरकार के निर्देशानुसार सभी प्रगणकों को जनगणना के कार्य में व्यक्तिगत फोन का प्रयोग ही करना है, जिसके लिए सरकार द्वारा उचित मानदेय दिया जा रहा है।


इस दौरान अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार, जनगणना के नोडल अधिकारी व एसडीएम आशीष कुमार, नगर निगम के संयुक्त आयुक्त मनजीत कुमार एवं नमिता कुमारी, डीएसओ नवदीप सिंह, डीआईओ महेश भारद्वाज, जनगणना के मंडल इंचार्ज ओम प्रकाश, जिला जनगणना अधिकारी सोनू डागर सहित सभी चार्ज अधिकारी मौजूद रहे।