सर्वे टीम घर पहुंचे तो सही जानकारी दें, आंकड़ों से बनेगी विकास की तस्वीरः डीसी

सर्वे टीम घर पहुंचे तो सही जानकारी दें, आंकड़ों से बनेगी विकास की तस्वीरः डीसी

रोहतक, गिरीश सैनी। राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (एनएसओ) की क्षेत्र संकार्य प्रभाग (एफओडी) की ओर से सितंबर में जिले में विभिन्न परिवार एवं प्रतिष्ठान आधारित सर्वेक्षणों का क्षेत्रीय कार्य किया जा रहा है। उपायुक्त सतबीर सिंह ने नागरिकों और प्रतिष्ठानों से अपील की है कि सर्वेक्षण के लिए चयनित होने पर अधिकृत एवं प्रशिक्षित टीमों को सही और पूरी जानकारी उपलब्ध करवाएं।

उपायुक्त ने बताया कि सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय के अधीन एनएसओ वर्ष 1950 से देशभर में सामाजिक-आर्थिक विषयों से जुड़ी सांख्यिकीय जानकारी जुटा रहा है। इन सर्वेक्षणों से प्राप्त आंकड़े विकास योजनाएं और नीतियां तैयार करने, उनके प्रभाव का आकलन करने तथा देश की सामाजिक-आर्थिक स्थिति समझने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

जिले में इस दौरान आवधिक श्रम बल सर्वेक्षण (पीएलएफएस), वार्षिक असंगठित क्षेत्र उद्यम सर्वेक्षण (एएसयूएसई), राष्ट्रीय घरेलू आय सर्वेक्षण (एनएचआईएस), उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (सीपीआई), अखिल भारतीय ऋण एवं निवेश सर्वेक्षण (एआईडीआईएस), स्थिति मूल्यांकन सर्वेक्षण (एसएएस), प्रवासन संबंधी विवरण सर्वेक्षण (एमपीएस) और सेवा क्षेत्र में शामिल प्रतिष्ठानों का वार्षिक सर्वेक्षण (एएसआईएसएसई) किया जा रहा है।

एनएसओ की प्रशिक्षित टीमें सुरक्षित डिजिटल उपकरणों और अधिकृत वेब पोर्टल के माध्यम से जानकारी एकत्र करेंगी। उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि सर्वेक्षण में दी गई जानकारी पूरी तरह गोपनीय रखी जाती है और उसका इस्तेमाल केवल सांख्यिकीय उद्देश्यों के लिए होता है। प्रकाशित आंकड़ों में किसी परिवार या प्रतिष्ठान की पहचान उजागर नहीं की जाती।

उन्होंने कहा कि लोगों का सहयोग विश्वसनीय आंकड़े तैयार करने और बेहतर नीति निर्माण के लिए बेहद जरूरी है।