बहुअकबरपुर में 36 बिरादरियों के बच्चों के लिए स्मार्ट क्लास का प्रस्ताव
चौपाल के लिए सांसद कार्तिकेय शर्मा ने दिए ₹10 लाख, फुटबॉल प्रशिक्षण और महिला स्वास्थ्य जांच पर भी जोर
रोहतक, गिरीश सैनी। राज्यसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा ने बहुअकबरपुर गांव में सेन एवं ब्राह्मण समाज की संयुक्त चौपाल के निर्माण के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने चौपाल में 36 बिरादरियों के बच्चों के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), टीजीटी, एचसीएस और यूपीएससी जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए स्मार्ट क्लास शुरू करने का प्रस्ताव भी रखा।
सांसद शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने के लिए गांवों का विकास और युवाओं को शिक्षा, रोजगार व खेलों के बेहतर अवसर उपलब्ध करवाना जरूरी है। उन्होंने स्मार्ट बोर्ड, कंप्यूटर और अन्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के साथ अपनी संस्था के माध्यम से कक्षाओं के संचालन में सहयोग का भरोसा दिलाया।
उन्होंने गांव के युवाओं को फुटबॉल प्रशिक्षण दिलाने और उन्हें जूनियर फुटबॉल लीग में अवसर उपलब्ध करवाने में सहयोग का आश्वासन दिया। साथ ही, नमो शक्ति रथ कार्यक्रम के तहत बहुअकबरपुर व आसपास के गांवों में महिलाओं की स्वास्थ्य जांच के लिए एंबुलेंस भेजने की घोषणा की।
इस दौरान, पूर्व राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा ने सामाजिक समरसता, नशामुक्ति और युवाओं को शिक्षा व खेलों से जोड़ने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सामाजिक समस्याओं से निपटने के लिए सरकार के साथ परिवार और समाज की भागीदारी भी जरूरी है।

Girish Saini

