रोहतक में दुर्गा पूजा उत्सव 15 से, डबल पार्क के पास सजेगा पंडाल
रोहतक, गिरीश सैनी। रोहतक में दुर्गा पूजा उत्सव की तैयारियां शुरू हो गई हैं। शहर के बंगाली समुदाय द्वारा आयोजित सात दिवसीय दुर्गा पूजा उत्सव 15 से 21 अक्टूबर तक मनाया जाएगा। इस बार आयोजन डी-पार्क कम्युनिटी हॉल, डबल पार्क के पास होगा। आयोजकों ने शहरवासियों और श्रद्धालुओं को उत्सव में शामिल होने का निमंत्रण दिया है।
कार्यक्रम के अनुसार, 15 अक्टूबर को महा पंचमी पर आनंद मेला आयोजित होगा। 16 अक्टूबर को महा षष्ठी पर देवी बोधन, आमंत्रण एवं अधिवास की रस्में होंगी। 17 अक्टूबर को महा सप्तमी, 18 अक्टूबर को महा अष्टमी, 19 अक्टूबर को संधि पूजा और 20 अक्टूबर को महा नवमी की पूजा-अर्चना होगी। 21 अक्टूबर को महा दशमी के साथ उत्सव का समापन होगा।
उत्सव के दौरान प्रतिदिन सुबह 11 बजे पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी। महा दशमी पर सुबह 11 बजे सिंदूर खेला होगा, जबकि दोपहर 2 बजे से प्रतिमा विसर्जन कार्यक्रम निर्धारित है। आयोजकों के अनुसार, उत्सव मां दुर्गा की आराधना के साथ भक्ति, उल्लास और सामुदायिक एकता का संदेश देगा।

Girish Saini

