नशे के खिलाफ मुहिम में विद्यार्थी बनें भागीदारः डीसी सतबीर सिंह
आईटीआई कंसाला में पोस्टर प्रतियोगिता से दिया नशामुक्ति का संदेश
रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सतबीर सिंह ने कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण में विद्यार्थियों और युवाओं की भूमिका अहम है। उन्हें नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर इस संदेश को घर-घर तक पहुंचाया जा सकता है।
सेवा संकल्प अभियान के तहत गांव कंसाला स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें विद्यार्थियों ने पोस्टरों के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों, स्वस्थ जीवनशैली और नशामुक्त जीवन का संदेश दिया।
उपायुक्त ने कहा कि नशा व्यक्ति के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के साथ उसके पारिवारिक एवं सामाजिक जीवन को भी प्रभावित करता है। इसकी रोकथाम के लिए जागरूकता, सकारात्मक सोच और सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। उन्होंने युवाओं से योग, प्राणायाम और ध्यान को दिनचर्या में शामिल करने तथा नशामुक्ति का संदेश जन-जन तक पहुंचाने की अपील की।
उन्होंने बताया कि केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के सहयोग से 18 अक्टूबर तक 14 दिवसीय निःशुल्क ऑनलाइन योग एवं नशा मुक्ति संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत सोमवार से शनिवार तक 50 मिनट के सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। इच्छुक नागरिक लिंक पर निःशुल्क पंजीकरण कर सकते हैं।

Girish Saini

