बेटियों की शिक्षा और हरियाणवी संस्कृति को बढ़ावा देना सामूहिक जिम्मेदारीः मंत्री पंवार

पांच राज्यों की 30 प्रतिभाएं सम्मानित, लोक कलाकारों को 31-31 हजार देने की घोषणा

बेटियों की शिक्षा और हरियाणवी संस्कृति को बढ़ावा देना सामूहिक जिम्मेदारीः मंत्री पंवार

रोहतक, गिरीश सैनी। हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि बेटियों की शिक्षा, सामाजिक सेवा, पर्यावरण संरक्षण और हरियाणवी संस्कृति के संवर्धन में संस्थाओं व कलाकारों की अहम भूमिका है। जरूरतमंद बच्चों की उच्च शिक्षा में सहयोग करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

वे रविवार को डीएलसी सुपवा में विलक्षणा सारथी संस्था के सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सरकार बेटियों की उच्च शिक्षा और चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रयासरत है। उन्होंने वरिष्ठ कलाकार रणबीर बड़वासनी, मासूम शर्मा, महावीर गुड्डू और रामकेश को अपनी ऐच्छिक ग्रांट से 31-31 हजार रुपये तथा संस्था को 2.51 लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा की।

मंत्री पंवार ने पर्यावरण संरक्षण, स्वयं सहायता समूहों और गौशालाओं को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया। पूर्व राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा ने युवाओं से भारतीय संस्कृति और संस्कारों से जुड़े रहने तथा पौधरोपण करने का आह्वान किया। समारोह में पांच राज्यों की 30 प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया।