साइकिलिंग से किया फिटनेस और स्वच्छ पर्यावरण के प्रति जागरूक

फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल में पत्रकारों ने लिया हिस्सा।

साइकिलिंग से किया फिटनेस और स्वच्छ पर्यावरण के प्रति जागरूक

रोहतक, गिरीश सैनी। फिट इंडिया मूवमेंट के अंतर्गत भारतीय खेल प्राधिकरण के राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र में रविवार को हरियाणा यूनियन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स (एचयूडब्ल्यूजे) के सहयोग से मीडिया कर्मियों के लिए विशेष साइकिलिंग कार्यक्रम संडे ऑन साइकिल आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नियमित व्यायाम को बढ़ावा देने के साथ मोटापे और जीवनशैली से जुड़ी समस्याओं के प्रति जागरूकता तथा प्रदूषणमुक्त वातावरण का संदेश देना रहा।

साई केंद्र के उप निदेशक गौरव रावत ने झंडी दिखा कर अभियान का शुभारंभ किया। इससे पहले उन्होंने जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी संजीव सैनी तथा एचयूडब्ल्यूजे के प्रदेश अध्यक्ष मनमोहन कथूरिया सहित सभी मीडिया कर्मियों का स्वागत किया।

कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने साइकिलिंग के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। इस दौरान फिटनेस का डोज, आधा घंटा रोज का संदेश प्रमुखता से दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि नियमित शारीरिक गतिविधि को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाकर स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा दिया जा सकता है।

मीडिया कर्मियों ने एथलीटों, प्रशिक्षकों एवं साई केंद्र के स्टाफ सदस्यों के साथ उत्साहपूर्वक साइकिल रैली में भाग लिया और फिटनेस और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में एचयूडब्ल्यूजे के प्रदेश कोषाध्यक्ष लोकेश जैन ने सभी प्रतिभागियों, साई अधिकारियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

इस दौरान केंद्र के मुख्य कोच ब्लास इग्लेसियस फर्नांडीस, सीनियर कोट भारती ठाकुर, डॉ. सोनम सिंह, कोच हरिओम, विवेक मोहन (एचपीए-फिजियोथेरेपी), शेफ राकेश कैरा और शिल्पा आर्य (एचपीए-पोषण) सहित अन्य मौजूद रहे।