दोआबा कॉलेज में ‘उड़ानः महिला सशक्तीकरण‘ पर कार्यक्रम आयोजित
जालन्धर, 3 अक्टूबर, 2026: दोआबा कॉलेज जालंधर में प्रि. डॉ. प्रदीप भण्डारी के मार्गदर्शन में ‘दीप्ति’ सेल फॉर वूमेन डेवलपमेंट द्वारा छात्राओं में जागरूकता, आत्मविश्वास, सुरक्षा एवं सशक्तिकरण की भावना विकसित करने के उद्देश्य से दो दिवसीय कार्यक्रम ‘उड़ान : महिला सशक्तीकरण’ का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की समन्वयक प्रो. गरिमा चौड्ढा एवं प्रो. परमजीत कौर ने छात्राओं को महिलाओं से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों, जैसे आत्मरक्षा, आत्मसम्मान, व्यक्तिगत सुरक्षा, समानता, मानसिक स्वास्थ्य, शिक्षा तथा करियर विकास के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की ।
कार्यक्रम के प्रथम सत्र में कंप्यूटर साइंस एवं आईटी तथा जर्नलिज्म एवं मास कम्युनिकेशन विभागों की छात्राओं ने भाग लिया। दूसरे सत्र में कॉमर्स एवं बिजनेस मैनेजमेंट, टूरिज्म एवं होटल मैनेजमेंट, मानविकी, विज्ञान तथा शिक्षा विभागों की छात्राओं को जागरूक किया गया ।
इस सत्र के दौरान समानता की भावना, मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता तथा व्यक्तिगत सीमाओं के सम्मान पर विशेष बल दिया गया। छात्राओं को यह भी समझाया गया कि शिक्षा एवं करियर विकास आत्मनिर्भरता, गरिमा और स्वतंत्रता की दिशा में महत्वपूर्ण साधन हैं। अपने व्यक्तित्व एवं पहनावे को लेकर आत्मविश्वास बनाए रखने तथा अपने आत्म-मूल्य को पहचानने के लिए भी प्रेरित किया गया ।
समन्वयकों ने छात्राओं को यह भी विस्तारपूर्वक बताया कि यदि उन्हें कभी उत्पीड़न, भेदभाव अथवा किसी भी प्रकार की असहज स्थिति का सामना करना पड़े, तो वे संबंधित अधिकारियों एवं संस्थागत सहायता तंत्र से किस प्रकार संपर्क कर सकती हैं। इसका उद्देश्य छात्राओं को उपलब्ध सुरक्षा एवं सहायता व्यवस्थाओं के प्रति पूरी तरह जागरूक करना था।
कार्यक्रम के अंत में एक खुला संवाद सत्र आयोजित किया गया, जिसमें छात्राओं ने अपने विचार, सुझाव एवं अनुभव साझा किए तथा विभिन्न प्रश्नों के समाधान प्राप्त किए। सभी सत्रों में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विषयों पर सक्रिय सहभागिता दिखाई। उनकी प्रतिक्रियाओं एवं सुझावों ने भविष्य में इस प्रकार की पहलों को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया।

City Air News

