अच्छा शिक्षक बनने के लिए संचार कौशल में दक्षता बेहद जरूरीः सुनित मुखर्जी
गणित विभाग में नव प्रवेशित शोधार्थियों के लिए इंटरैक्टिव सत्र आयोजित।
रोहतक, गिरीश सैनी। शिक्षण और शोध के क्षेत्र में सफल करियर बनाने के लिए केवल शैक्षणिक उत्कृष्टता ही नहीं, बल्कि प्रभावी संचार कौशल में दक्षता भी बेहद जरूरी है। ये विचार एमडीयू के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के प्राध्यापक तथा निदेशक जनसंपर्क सुनित मुखर्जी ने गणित विभाग में आयोजित इंटरैक्टिव सत्र में नव प्रवेशित शोधार्थियों को संबोधित करते हुए व्यक्त किए।
बतौर मुख्य वक्ता, सुनित मुखर्जी ने कहा कि शोध और शैक्षणिक उत्कृष्टता के लक्ष्य को हासिल करने में मौखिक और लिखित संचार कौशल की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने शोधार्थियों को शोध कार्य और शोध आलेख प्रकाशन में नैतिक मूल्यों का पालन करने की सलाह दी। साथ ही कहा कि सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी (आईसीटी) के इस दौर में कृत्रिम मेधा (एआई) जैसे नवीनतम तकनीकी साधनों का सकारात्मक और जिम्मेदारी पूर्ण उपयोग कर ज्ञान व शोध की गुणवत्ता को बढ़ाया जा सकता है।
सुनित मुख़र्जी ने शोध और शैक्षणिक उपलब्धियों के व्यापक प्रसार के लिए लिंक्डइन जैसे पेशेवर मीडिया प्लेटफॉर्म्स के उपयोग पर भी जोर दिया तथा शोधार्थियों के सवालों के जवाब देकर उनके मार्गदर्शन किया। प्रारंभ में विभागाध्यक्ष प्रो. सुमित गिल ने अतिथि वक्ता का स्वागत करते हुए सत्र की रूपरेखा प्रस्तुत की। इस दौरान शिक्षक और शोधार्थी मौजूद रहे।

Girish Saini 

