जीजेयू कुलपति के रूप में प्रो. नरसी राम बिश्नोई का कार्यकाल बढ़ा

कुलाधिपति व राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने जारी किए आदेश।

जीजेयू कुलपति के रूप में प्रो. नरसी राम बिश्नोई का कार्यकाल बढ़ा

हिसार, गिरीश सैनी। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विवि के कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई का कुलपति के रूप में कार्यकाल दो मई से आगामी आदेशों तक बढ़ा दिया गया है। इस संबंध में हरियाणा के राज्यपाल एवं गुजवि के कुलाधिपति प्रो. असीम कुमार घोष द्वारा अधिसूचना जारी कर दी गई है।

प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने कुलपति के रूप में कार्यकाल विस्तार के लिए राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष एवं मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जो जिम्मेदारी उन्हें सौंपी हैं, वे उसे बखूबी निभाएंगे।

कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने बताया कि गुरु जम्भेश्वर महाराज के सिद्धांतों, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के विजन को ध्यान में रखते हुए विवि ने अगले पांच वर्षों का व्यापक पंचवर्षीय रोडमैप तैयार किया है, जिसके तहत इंजीनियरिंग, प्रबंधन, चिकित्सा विज्ञान तथा अन्य उभरते क्षेत्रों में कौशल-आधारित नए पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे और वर्तमान पाठ्यक्रमों को उद्योग की वर्तमान आवश्यकताओं के अनुरूप अपडेट किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि आगामी सत्र से एनईपी-2020 के तहत विवि में गीता ज्ञान संस्थान कुरूक्षेत्र के संयुक्त तत्वाधान में इंटीग्रेटेड बीए-एमए भगवद्गीता कोर्स आरंभ किया जाएगा। ये कोर्स नवाचार के साथ-साथ नैतिक मूल्यों की स्थापना में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। यह कोर्स विशेष एमओयू के तहत संचालित होगा।